Headlines

REET Exam 2021: परीक्षा से पहले फर्जी परीक्षार्थी समेत 2 युवतियों को पकड़ा

जयपुर: राजधानी जयपुर के सिंधी कैंप थाना पुलिस ने 26 सितंबर को आयोजित होने वाली राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (REET) में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। पुलिस ने परीक्षा से पहले फ़र्ज़ी परीक्षार्थी समेत 2 युवतियों को पकड़ा है। पुलिस ने दोनों युवतियों को किसान छात्रावास से पकड़ा। युवतियों का नाम प्रमिला और अनन्या बिश्नोई बताया जा रहा है।

दोनों युवतियां मूल रूप से जालोर की रहने वाली है। ये किसान छात्रावास में रहकर रीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। प्रमिला की जगह अनन्या बिश्नोई रीट परीक्षा देने वाली थी। दोनों के पास से फ़ोटो लगे हुए फ़र्ज़ी एडमिट कार्ड भी बरामद हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार यह पूरा सौदा 10 लाख रुपए में तय हुआ था।

युवतियों ने अपना गुनाह क़बूला

ये युवतियां साल 2019 से किसान छात्रावास में एक साथ रह रही थी। पकड़े जाने के बाद दोनों युवतियों ने अपना गुनाह क़बूला है। इस पूरे मामले में सिंधी कैम्प थाना प्रभारी गुंजन सोनी ने कार्रवाई की है। पुलिस गिरोह में शामिल अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।

शुक्रवार को सात लोगों को गिरफ्तार किया

आपको बता दें कि राजस्थान पुलिस ने इसी सप्ताह आयोजित होने वाली राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (REET) में किसी तरह की गड़बड़ी रोकने की हरसंभव कोशिश कर रही है जिसके तहत शुक्रवार को भी उसने राज्य में दो जगहों से सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग इस परीक्षा में फर्जीवाड़ा करने का प्रयास कर रहे थे और इनके कब्जे से लाखों रुपये की नकदी एवं करोड़ों का हिसाब किताब मिला है। राज्य के दौसा शहर में पुलिस ने गुरुवार को फर्जी अभ्यर्थी बैठा REET परीक्षा पास कराने का झांसा देकर लाखों रूपये की मोटी रकम वसूलने वाले गिरोह के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और इनके कब्जे से दो एसयूवी व 5.60 लाख की नकदी बरामद की है।

REET भर्ती परीक्षा से संबंधित चैट व रिकॉर्डिंग मिली

दौसा पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त रमेश मीना (25) व दशरथ सिंह मीना (30) करण सिंह मीना (24)सुमेर मीना (35) के मोबाइल की चैकिंग में रीट भर्ती परीक्षा से संबंधित चैट व रिकॉर्डिंग मिली। उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओ में लिये गये करोडों रूपये के लेन देन का हिसाब मिला है। वहीं सीकर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने रीट परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेश यादव, अशोक मील तथा हेमंत के रूप में की गई हैं। ये आरोपी परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों से रीट का पेपर उपलब्घ करवाने या पास कराने के नाम पर सात से 15 लाख रुपए वसूल रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *