जयपुर। राज्य सरकार ने परिवहन विभाग के आदेश ने गुर्जर शब्द के प्रयोग से उठे विवाद के बाद अपर परिवहन आयुक्त आकाश तोमर को निलम्बित कर दिया। परिवहन विभाग की ओर से पहले निकाले गए आदेश में भी संशोधन कर गुर्जर शब्द हटा दिया गया है। दरअसल हुआ यूं कि आज दिन में परिवहन विभाग की ओर से एक आदेश निकाला गया था। जिसमें वाहनों की नम्बर प्लेट पर प्रधान, सरपंच, गुर्जर आदि लिखा होने पर कार्रवाई की बात कही गई थी। ये आदेश अपर परिवहन आयुक्त आकाश तोमर के हस्ताक्षरों से निकला था।
इस आदेश में केवल गुर्जर जाति का उल्लेख होने के कारण सोशल मीडिया पर यह आदेश वायरल हो गया और इस आदेश को लेकर गुर्जर समाज के लोगों ने सरकार को काफी खरी-खोटी सुनाई। यहां तक की सरकार में बैठे खेल मंत्री अशोक चांदना ने भी आपत्ति दर्ज करवाते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा और कहा कि केवल एक जाति विशेष का उल्लेख करना गुर्जर समाज का अपमान है। कई अन्य जातियां भी नम्बर प्लेट पर अपनी जाति का उल्लेख करती है लेकिन उनके बारे में आदेश में कुछ भी नहीं लिखा गया।
किरोड़ी सिंह बैंसला के सुपुत्र सहित कई अन्य गुर्जर नेताओं ने भी अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। अचानक बने इन हालातों को देखते हुए परिवहन विभाग ने अपने पूर्व के आदेशों को संशोधित करते हुए गुर्जर शब्द तो हटा दिया लेकिन लोग माने नहीं, आखिर सरकार को अपर परिवहन आयुक्त आकाश तोमर को निलम्बित करना पड़ा।


