अजमेर: राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा गुरूवार को राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी (मुख्य) परीक्षा- 2021 के प्रवेश-पत्र आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।परीक्षा का आयोजन दिनांक 25 व 26 फरवरी 2022 को राज्य के समस्त संभागीय जिला मुख्यालयों पर किया जाएगा।
परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 9 से 12 बजे एवं दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके लिए आयोग द्वारा अजमेर, भरतपुर, बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, कोटा एवं उदयपुर में कुल 110 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
एडमिट कार्ड लिंक एवं एसएसओ आईडी से करें डाउनलोड
अभ्यर्थी अपना प्रवेश-पत्र आयोग की वेबसाइट https://rpsc.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक पर जाकर आवेदन-पत्र क्रमांक व जन्म दिनांक प्रविष्ट कर डाउनलोड कर सकते हैं। एसएसओ आइडी में सिटीजन ऐप्स में रिक्रूटमेंट पोर्टल पर उपलब्ध लिंक का चयन कर प्रवेश-पत्र प्राप्त किया जा सकता है।
कोरोना संक्रमित अभ्यर्थियों को जांच रिपोर्ट व दस्तावेज ई-मेल कर करना होगा सूचित
आयोग द्वारा कोरोना संक्रमित अभ्यर्थियों की परीक्षा हेतु अलग से व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए कोरोना संक्रमित अभ्यर्थी को दिनांक 24 फरवरी 2022 को शाम 4 बजे तक कोरोना संक्रमण संबंधी रिपोर्ट मय अन्य दस्तावेज ईमेल examplanning.rpsc@rajasthan.gov.in पर भेजकर दूरभाष नम्बर 0145-2635255 पर आयोग को सूचित करना आवश्यक होगा। निर्धारित अवधि में सूचना प्राप्त होने पर आयोग द्वारा कोरोना संक्रमण से ग्रसित अभ्यर्थियों के लिए समुचित व्यवस्था की जा सकेगी। अभ्यर्थी अन्य जानकारी के लिए आयोग कार्यालय के दूरभाष नम्बर 0145-2635255 पर सम्पर्क कर सकते हैं
