नई दिल्ली : राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक तथा नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने लोकसभा के शून्य काल में राजस्थान के सत्ताधारी दल के विधायक के पुत्र द्वारा दोस्तों के साथ मिलकर एक बालिका के साथ किए गए सामूहिक दुष्कर्म का मामला उठाया। सांसद बेनीवाल ने दौसा जिलें में दर्ज मुकदमे के हवाले से बोलते हुए कहा कि अलवर जिले के राजगढ़ विधायक जोहरी लाल मीणा के बेटे दीपक ने दोस्तों के साथ मिलकर नाबालिग के साथ गैंगरेप किया। इसलिए इस मामले की सीबीआई जांच करवाई जाए, क्योंकि राजस्थान में सत्ताधारी दल की कोई एजेंसी इस मामले में सही जांच नही कर पाएगी।
शांति धारीवाल के वक्तव्य का किया जिक्र
सांसद हनुमान बेनीवाल ने विगत दिनों राजस्थान की विधानसभा में बतौर गृहमंत्री शांति धारीवाल द्वारा राजस्थान में बढ़ते रेप के मामले को लेकर दिए गए वक्तव्य का जिक्र किया और कहा कि कांग्रेस पार्टी के जिम्मेदार ने सदन में कहा कि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है इसलिए बलात्कार बढ़ रहे है। इससे ज्यादा शर्मनाक बयान कुछ नही हो सकता। वहीं सांसद बेनीवाल ने प्रियंका गांधी का नाम सदन में लेते हुए कहा कि वो जब उत्तरप्रदेश में कहती है कि लड़की हूं लड़ सकती हूं तो राजस्थान के मामले में चुप क्यों है। सांसद बेनीवाल ने लोकसभा में अलवर जिले के थानागाजी में सामूहिक दुष्कर्म तथा हाल ही में मूकबधिर बालिका के साथ हुए कृत्य का भी सदन में जिक्र किया।
