जयपुर : राजस्थान में RTE भुगतान समेत 16 अगस्त से स्कूल खोलने की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत निजी स्कूल संचालकों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच किया। इस दौरान प्रदेशभर से राजधानी जयपुर पहुंचे स्कूल संचालकों को पुलिस ने अजमेर पुलिया एलिवेटेड रोड पर ही रोक लिया। इस दौरान स्कूल संचालकों का विरोध बढ़ता देख पुलिस ने 11 सदस्य प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री निवास पर जाने की अनुमति दी। मुख्यमंत्री आवास पर अधिकारियो से वार्ता करने के बाद निजी स्कूल संचालक अपना आंदोलन वापस लेने को राजी हो गए है, लेकिन किन बिन्दुओ पर सहमति बनी इसका फ़िलहाल खुलासा नहीं हुआ है।
दरअसल, राजस्थान के निजी स्कूल संचालक पिछले लंबे समय से स्कूल खोलने की मांग को लेकर आंदोलनरत थे। ऐसे में सरकार ने गुरुवार को 1 सितंबर से फिर से स्कूल खोलने का फैसला किया। लेकिन स्कूल संचालक 16 अगस्त से ही स्कूल खोलने के साथ कक्षा एक से बारहवीं तक के छात्रों की पढ़ाई फिर से शुरू कराने की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही निजी स्कूल संचालक राइट टू एजुकेशन के तहत भुगतान समेत 11 मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। इस पर जब आज निजी स्कूल संचालको ने मुख्यमंत्री आवास की तरफ कुछ किया तो उन्हें पुलिस ने रोक दिया ओर शहीद स्मारक पर ले गए, जहा वह धरने पर बैठ गए।
