जयपुर : प्रदेश मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात के साथ ही सियासी चर्चाओं का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री गहलोत दोपहर को राज्यपाल मिश्र से मिलने पहुंचे और करीब घंटे भर तक चर्चा की। मुख्यमंत्री गहलोत और राजभवन से जारी आधिकारिक बयान में इसे केवल शिष्टाचार मुलाकात बताया गया, लेकिन सियासी हलकों में इसे मंत्रिमंडल फेरबदल और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर अटकलें लगना शुरू हो गई है। हालांकि राजभवन के स्तर पर किसी भी तरह की तैयारी नहीं है।
बाल विवाहों के रजिस्ट्रेशन प्रावधान पर भी चर्चा की
जानकारी के अनुसार, राज्यपाल के साथ सीएम ने लंबित पड़े बाल विवाहों के रजिस्ट्रेशन के प्रावधान वाले विवादित बिल पर भी चर्चा की है। मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों इस विवादित बिल को राज्यपाल से वापस लौटाने का आग्रह किया था। बताया जाता है कि आज की मुलाकात में सीएम ने राज्यपाल से उस विवादित बिल को वापस लौटाने पर बात की है। राज्यपाल उस बिल को अब सरकार को लौटाने पर सहमत हो गए हैं, अब कभी भी उस बिल को वापस लौटाया जा सकता है।
राज्यपाल के साथ सीएम की चर्चा में लंबित पड़ी संवैधानिक नियुक्तियों पर भी चर्चा के आसार हैं। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक मंत्रिमंडल फेरबदल और राजनीतिक नियुक्तियों पर अब जल्द फैसला होने के आसार हैं।
