जयपुर : पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का एक चैरिटी शो में गाया गाना चर्चा का विषय बन गया। अल्बर्ट हॉल पर रोटरी क्लब ने डायलिसिस सेंटर खोलने को लेकर फंड इकट्ठा करने के लिए दो दिन तक कार्यक्रम आयोजित किया था। सचिन पायलट ने यहां 1970 में आई फिल्म मेरा नाम जोकर का गाना- ‘जीना यहां मरना यहां, इसके सिवा जाना कहां’ गाकर सुनाया। पायलट के गाए इस सॉन्ग को उनके समर्थक खूब शेयर कर रहे हैं। पायलट के गाए इस सॉन्ग की सियासी हलकों में खूब चर्चा हो रही है।
सचिन पायलट को कांग्रेस संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने पर राजस्थान से दूर जाने की अटकलों पर पायलट ने एक कार्यक्रम में कहा था कि मैं 50 साल कहीं नहीं जाने वाला। पायलट राजस्थान से लगातार कनेक्ट रहने और यहीं सियासत करने की बात कह चुके हैं। इस गाने के बोल भी उसी बयान की तरफ ही इशारा करने वाले हैं।
“जीना यहाँ, मरना यहाँ.. इसके सिवा जाना कहाँ ..” pic.twitter.com/pxbQ2tEE5r
— Sachin Pilot (@SachinPilot) December 21, 2021
टेरिटोरियल आर्मी में प्रमोशन
पूर्व सीएम सचिन पायलट टेरिटोरियल आर्मी से भी जुड़े हैं। पायलट ने यूपीए सरकार में मंत्री रहते हुए लेफ्टिनेंट के तौर पर टैरिटोरियल आर्मी ज्वॉयन की थी। हाल ही टेरिटोरियल आर्मी में पायलट प्रमोट होकर कैप्टन बने हैं। पायलट का परिवार सेना के बैकग्राउंड वाला है, उनके पिता राजेश पायलट भी इंडियन एयरफोर्स में फायटर पायलट थे। सचिन पायलट साल में कुछ दिन टेरिटोरियल आर्मी में सेवाएं देते हैं।
