जयपुर: राजस्थान की जनता को राहत देने के लिए बिजली डिस्कॉम ने फैसला लिया है कि अब बिजली के बिल जो 20 हजार रुपए से ज्यादा के और बिजली संबंधी दूसरे पेमेंट चेक और डीडी से भी जमा करवाए जा सकेंगे। ऐसे बड़े अमाउंट के बिजली बिल और दूसरे पेमेंट्स ऑनलाइन के साथ ही चैक और डिमांड ड्राफ्ट से भी जमा करवाए जा सकेंगे।
पहले बिजली डिस्कॉम 20 हजार रुपए से ज्यादा अमाउंट के बिलों का पेमेंट केवल ऑनलाइन ही स्वीकार करता था। जिस पर लगातार बिजली उपभोक्ताओ ने नाराजगी जाहिर की थी। राजस्थान डिस्कॉम के तहत आने वाले जयपुर डिस्कॉम, जोधपुर डिस्कॉम और अजमेर डिस्कॉम तीनों पर ऑनलाइन के साथ-साथ चेक और डीडी से जमा करा सकेंगे। निर्देशों के अनुशार नियमों में यह छूट पूरे प्रदेश में लागू होगी।
राजस्थान डिस्कॉम के चेयरमैन भास्कर ए. सावंत ने खुद इस बात को स्वीकार किया है कि ऑनलाइन बिजली बिलों के पेमेंट में आ रही दिक्कतों को लेकर उपभोक्ताओं से बड़ी संख्या में एप्लिकेशन मिलीं। इन्हें ध्यान में रखते हुए ही यह फैसला लिया गया है कि 20 हजार रुपए से ज्यादा अमाउंट के बिजली बिलों के मामलों में पेमेंट करने की शर्तों में छूट दी जाए। इस तरह के मामलों में मिलने वाले अनुरोध को स्वीकार करने के लिए एक्जिक्यूटिव इंजीनियर यानी अधिशासी अभियन्ता को ऑथोराइज किया गया है। एक्जिक्यूटिव इंजीनियर 20 हजार रुपए से ज्यादा के अमाउंट के पेमेंट के मामले में तमाम पहलुओं और फायदे-नुकसान समझकर चेक और डिमांड ड्राफ्ट से भी पेमेंट स्वीकार कर सकते हैं।
बिजली उपभोक्ताओं को आ रही थीं दिक्कतें
बिजली उपभोक्ताओं को पेमेंट के लिए परेशान होना पड़ रहा था। जो लोग ऑनलाइन या डिजिटल ट्रांजेक्शन करना नहीं जानते हैं, उन्हें सबसे ज्यादा परेशानी हो रही थी। 20 हजार से ऊपर के पमेंट को चेक या डीडी से नहीं लिया जा रहा था। केवल ऑनलाइन पेमेंट के लिए या आरटीजीएस, एनईएफटी के लिए उन्हें कहा जा रहा था। ऐसे ऑनलाइन ट्रांजेक्शन्स जो एनईएफटी या आरटीजीएस, आईएमपीएस किए गए हैं। वो भी कई केसों में लंबे समय से अपडेट नहीं किए जा रहे, जिससे ग्राहकों को परेशान होना पड़ रहा है। बिजली के अगले बिल भुगतान हो चुके अमाउंट को घटाकर भेजने की बजाय पुराना बकाया दिखाकर और उसमें पेनाल्टी जोड़कर भेजे जा रहे हैं, जिसने ग्राहकों को परेशान होने के साथ ही गुस्सा होने पर मजबूर कर दिया है। इससे आए दिन विवाद के भी हालात बन रहे हैं।
