जयपुर। प्रदेश के होनहार बच्चों का अब विदेशों की टॉप यूनिवर्सिटीज में पढऩे का सपना आसानी से पूरा हो सकेगा। सरकार प्रदेश के 200 स्टूडेंट्स को ऑक्सफोर्ड, हार्वर्ड और स्टेनफोर्ड विश्वविद्यालय जैसे दुनिया की चुनिंदा 50 संस्थानों में हायर एजुकेशन की सुविधा मुहैया कराएगी। इसके लिए इसी सत्र से राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस (आरजीएस) योजना शुरू कर दी गई है। जिसके तहत अब प्रदेश के होनहार युवा सरकारी खर्चे पर पढ़ सकेंगे।
योजना के तहत सरकार की ओर से ऑक्सफोर्ड, हार्वर्ड और स्टेनफोर्ड विश्वविद्यालय जैसे दुनिया के नामचीन 50 संस्थानों से स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी और पोस्ट डॉक्टोरल स्तर पर अध्ययन के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। स्टूडेंट्स के यात्रा किराया और ट्यूशन फीस सहित सम्पूर्ण खर्चा राज्य सरकार वहन करेगी।
30 फीसदी अवार्ड छात्राओं के लिए चिह्नित
स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों के लिए केवल मानवीकी से संबंधित विषयों के अध्ययन के लिए ही छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। हर साल 200 मेधावी विद्यार्थियों में से 30 फीसदी अवार्ड छात्राओं के लिए चिह्नित रखते हुए 60 छात्राओं को अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से पूर्व आवेदकों का संबंधित विदेशी संस्थानों में प्रवेश होना जरूरी है। इस योजना के अन्तर्गत प्रति वर्ष 8 लाख से कम पारिवारिक आय वाले स्टूडेंट्स को प्राथमिकता दी जाएगी।
विषयवार इस तरह से रहेंगी सीटें
हयूमैनिटीज, सोशल साइंस, एग्रीकल्चर एंड फोरेस्ट साइंस, नेचर एंड एनवायरमेंटल साइंस और लॉ के लिए 150, मैनेजमेंट एंड बिजनस एडमिनिस्ट्रेशन और इकोनॉमिक्स एंड फाइनेंस के लिए 25 और प्योर साइंस और पब्लिक हेल्थ विषयों के लिए 25 विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप दी जाएगी। इन विषयों में स्थान रिक्त रहने की स्थिति में इंजीनियरिंग एंड रिलेटेड साइंस, मेडिसिन एंड एप्लाइड साइंस में अधिकतम 15 उम्मीदवारों को छात्रवृत्ति दी जा सकेगी।
ऑनलाइन कर सकते है आवेदन
कॉलेज आयुक्त ने बताया कि आवेदन राज्य सरकार के आरजीएस पोर्टल/वेबसाइट पर प्राप्त किए जाएंगे। पोर्टल पर ही आवेदकों का चयन किया जाएगा। पात्र आवेदकों के 200 से अधिक आवेदन मिलने पर छात्रवृत्ति के लिए लॉटरी के माध्यम से चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया विभाग की वेबसाईट https://hte.rajasthan.gov.in/ पर शुरू हो चुकी है। जहां 5 नवम्बर रात 12 बजे तक प्रदेश के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते है।
