जयपुर। राज्य सरकार ने प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में कम्प्यूटर शिक्षकों का नया कैडर बना भर्ती का निर्णय किया है। सीएम की ओर से 10,453 पदों के सृजन और इन पर संविदा आधार पर आवश्यक तत्काल भर्ती के लिए स्वीकृति दे दी है। हालांकि कम्प्यूटर शिक्षकों की नियमित भर्ती को लेकर अभ्यर्थी आंदोलनरत थे। इस मांग को लेकर शिक्षा मंत्री गोविंदसिंह डोटासरा को ट्वीटर पर ट्रोल भी किए हुए थे। आज जाकर सरकार ने आखिर संविदा के आधार पर भर्ती की घोषणा की। इम्पेक्ट वॉइस डॉट न्यूज़ (Impactvoice.news) ने भी अभ्यर्थियोंं के इस पक्ष को आज ही उजागर किया था और शाम को नए कैडर के साथ भर्ती की घोषणा हो गई। कैडर की घोषणा 16 माह से लम्बित पड़ी थी। ये अभ्यर्थी बच्चों को पढ़ाएंगे तो सही,लेकिन नए कैडर में इनका पदनाम शिक्षक नहीं होगा।
ये कहलाएंगे बेसिक व वरिष्ठ अनुदेशक
मुख्यमंत्री की ओर से स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार, शिक्षा विभाग में कुल 9,862 बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक तथा 591 वरिष्ठ कम्प्यूटर अनुदेशक के पद सृजित होंगे। बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक के लिए वेतनमान एवं वांछित योग्यता सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में सूचना सहायक के पद के समकक्ष तथा वरिष्ठ कम्प्यूटर अनुदेशक के लिए वेतनमान एवं योग्यता सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सहायक प्रोग्रामर पद के समकक्ष होंगी।यानी इन्हें बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक तथा वरिष्ठ कम्प्यूटर अनुदेशक कहकर पुकारा जाएगा।
एक-एक पद सृजित होंगे विद्यालयों में
वर्तमान में कुल 10,680 राजकीय माध्यमिक अथवा उच्च माध्यमिक विद्यालयों में आईटीसी लैब संचालित हैं, जिनमें से 800 से अधिक विद्यालयों में सेवा प्रदाता फर्म द्वारा अनुदेशक उपलब्ध कराए गए हैं। शेष विद्यालयों में बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक का एक-एक पद सृजित किया जाएगा।
वर्तमान में कार्यरत अभ्यर्थियों को भी मिलेगा मौका
इसके अतिरिक्त, प्रथम चरण में प्रत्येक जिले एवं ब्लॉक में सर्वाधिक नामांकन वाले उच्च माध्यमिक विद्यालयों तथा महात्मा गांधी विद्यालयों में वरिष्ठ कम्प्यूटर अनुदेशक के लिए एक-एक पद सृजित किया जाएगा। वरिष्ठ कम्प्यूटर अनुदेशक के कुल पदों में से 75 प्रतिशत पद सीधी भर्ती तथा 25 प्रतिशत पद विभाग में कार्यरत बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशकों में से संवीक्षा परीक्षा उत्तीर्ण करने पर पदोन्नति के माध्यम से भरे जाएंगे।
ये होगा वेतनमान
प्रस्ताव के अनुसार, संविदा नियुक्ति के दौरान बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक को पारिश्रमिक के रूप में 18,500 रूपए प्रतिमाह, वरिष्ठ कम्प्यूटर अनुदेशक को 23,700 रूपए प्रतिमाह तथा पदोन्नति पर आने वाले वरिष्ठ कम्प्यूटर अनुदेशक को 33,800 रूपए प्रतिमाह देय होंगे। इन पदों पर संविदा आधार पर आवश्यक तत्काल भर्ती के तहत प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों को नियोजित किया जाएगा।
