जयपुर। कोरोना संक्रमण से जूझ रहे राजस्थान में 10 मई से 24 मई तक सख्त लॉकडाउन (Lockdown) रहेगा। इस संबंध में गृह विभाग ने गुरुवार रात को आदेश जारी किया था। इस अवधि में जयपुर में मेट्रो सेवा और जेसीटीएसएल से जुड़ी बसों का संचालन भी बंद रहेगा। इस संबंध में दोनों विभागों ने शुक्रवार को आदेश जारी किए।
संचालन रहेगा बंद
जयपुर मेट्रो रेल कार्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अजिताभ शर्मा ने बताया कि लॉकडाउन की अवधि में समस्त सार्वजनिक परिवहन बंद रहेंगे। इसके मद्देनजर 10 मई से 23 मई रात तक जयपुर में मेट्रो का संचालन भी बंद रहेगा। इसी तरह, जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (जेसीटीसीएल) की प्रबंध निदेशक प्रतिभा सिंह ने आदेशों में बताया कि Lockdown की अवधि में 10 से 24 मई सुबह 5 बजे तक जेसीटीसीएल के सभी आगार, वर्कशॉप, कार्यालय और लो फ्लोर बसों का संचालन बंद रहेगा। इस दौरान तकनीकी एवं कार्यालय अधिकारी और कर्मचारियों को मुख्यालय पर मौजूद रहना होगा। आवश्यकता पड़ने पर उनको ड्यूटी पर बुलाया जाएगा।
रोडवेज के अफसरों को व्हाट्सएप पर संपर्क में रहना जरुरी
वहीं, राजस्थान राज्य परिवहन निगम के कार्यकारी निदेशक लोकेश कुमार सिंहल ने एक आदेश जारी कर रोडवेज बसों के लॉकडाउन की अवधि में बंद रहने के आदेश जारी किए है। जिसमें बताया कि लॉकडाउन के दौरान रोडवेज के सभी वर्कशॉप और ऑफिस बंद रहेंगे। सभी अधिकारी, चीफ मैनेजर और ईकाई प्रभारी मुख्यालय पर मौजूद रहेंगे। साथ ही, मोबाइल और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क में रहेंगे। वे बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे।
