जयपुर: जयपुर सहित राज्य भर में आज से लॉकडाउन के 46 दिनों बाद बाजार तो खुले लेकिन ग्राहक नहीं पहुंचने से दुकानदार संतुष्ट नहीं है, वे बाजार खोलने के समय को भी अव्यवहारिक बता रहे है। दुकानदारों का सरकार को सुझाव है कि कम से कम शाम 5 बजे तक बाजार खुले, सरकार चाहे तो अलग अलग तरह के मार्केट का समय अलग से निर्धारित कर दे। रेस्टोरेंट आदि के लिए तो शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक का टाइम उपयुक्त होता है सुबह 6 से 11 रेस्टोरेंट आदि में ग्राहक आ ही नहीं सकते।
दूसरे व्यवसाय के लिए भी 11 बजे तक जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से ग्राहक पहुंच पाना संभव नहीं है।
व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने अधिकार्यो और सरकार के नुमाइंदो को अपनी बात पहुंचा दी है और सरकार पर दवाब बनाया जा रहा है कि सरकार बाजार खोलने में और रिहायत दे।
पहले दिन व्यापारी निराश होकर लौटे
इस बीच सुबह 6 बजे से सुबह 11 बजे तक दुकानों को खोला गया, लेकिन अनलॉक का यह पहला दिन दुकानदारों के लिए कुछ खास नहीं रहा, कुछ समय तो बारिश और अंधड़ के कारण शहर की सड़कों पर सन्नाटा था। धीरे-धीरे व्यापारियों ने दुकानें खोलना शुरू किया। करीब 8 बजे बाजार में रौनक नजर आने लगी। बाजार खुलने के बाद अचानक भीड़ बढ़ने से सोशल डिस्टेसिंग की पालना नहीं हो सकी।

शहर की सड़कों पर दुपहिया वाहनों, रिक्शा और चौपहिया वाहनों की आवाजाही से ट्रैफिक बढ़ गया। इन सब के बीच बाजारों में 2 जून की रोटी कमाने के लिए खुली दुकानों की चमक फीकी पड़ी रही। सरकार द्वारा दी गई 5 घंटे की मोहलत में बाजार खुलने का पहला दिन दुकानों की साफ-सफाई करने में ही निकल गया। कुल मिलाकर पहले दिन बाजार खुलने के बाद भी पहले दिन कारोबार ठप रहने से व्यापारी निराश होकर खाली हाथ घर लौट गए।
