जयपुर। राजस्थान के स्वर्णिम इतिहास में बुधवार को एक और पन्ना जुड़ गया। सांसद डॉ. किरोड़ी मीणा ने हिंदू-मुस्लिम एकता को और मजबूत करते हुए खोहगंग में तिरंगा फहराया। लंबी ऊहापोह के बाद प्रशासन ने मीणा की हर बात को मान लिया। सांसद मीणा ने अपार जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि आप सौ कदम चलोगे तो किरोड़ी एक हजार कदम चलेगा। किसी भी गरीब और धार्मिक भावना से किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
किरोड़ी ने कहा कि गोपालगढ़ मस्जिद जब लहूलुहान हुई थी तब वे सरकार से लोहा लेते हुए मौके पर पहुंच गए। उग्र आंदोलन को देखते हुए गृह मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा और कलेक्टर एसपी को सस्पेंड करना पड़ा। मीणा ने आश्वस्त किया कि हिंदू मस्लिम एकता को कभी आंच नहीं आने दी जाएगी उसके लिए उन्हें किसी भी हद तक जाना पड़े।
तर्पण तलाई में डॉ. किरोड़ी मीणा ने जैसे ही तिरंगा फहराया पूरा इलाका किरोड़ी जिंदाबाद के नारी से गूंज उठा। हिंदू और मुस्लिम समाज की भारी मौजूदगी के बीच मीणा तिरंगा लेकर खोहगंग पहुंचे। इस दौरान मुस्लिम व मीणा समाज के लोगों ने उनका किया जोरदार स्वागत किया। मंच से ‘एकता का राज चलेगा, हिन्दू-मुस्लिम साथ चलेगा’ के नारे लगे। करीब साढे 300 वर्ष पूर्व यहां मीणा राजा आलन सिंह का था शासन, इस जगह को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने पिछले कई दिनों से मोर्चा संभाल रखा था।
मंगलवार को डॉ. मीणा ने प्रशासन से हुई वार्ता में खोनागोरियान तर्पण तलाई में सर्व समाज के साथ मिलकर खासतौर पर मुस्लिम और हिंदू समाज मिलकर तिरंगा झंडा लगाने लगाने की अनुमति मिली थी। अब इस तलाई को ऐतिहासिक रूप में संरक्षित करने का काम किया जाएगा। किरोड़ी मीणा जब मंच पर सभा को संबोधित कर रहे थे तो हर वर्ग के लोग मीणा के जयकारे लगाए। जन समूह ने जन्माष्टमी की झांकी पर को निर्विवाद जारी रखने की भी सहमति जताई।
राज्यसभा सांसद डॉ. किरोडी लाल मीणा के नेतृत्व में मीणा समाज और मुस्लिम समाज के वरिष्ठ जनों के बीच हुई बातचीत में निम्न बिंदुओं पर आप की सहमति बनी है-
- असावरी माता मंदिर पर जन्माष्टमी को आने वाली झांकियों को मंदिर तक जाने में पहले भी कोई आपत्ति नहीं थी, आगे भी कोई आपत्ति नहीं रहेगी। दोनों पक्ष यात्रा को सौहार्द्रपूर्ण तरीके से आयोजित होने में सहयोग करेंगे।
- बड़ली तलाई में हो रहे अतिक्रमण को दोनों पक्ष रोकेंगे तथा पंचायत या सोसायटी द्वारा कूट रचित पट्टे बैक डेट में जारी किए जाते हैं तो उन व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर नियमानुसार करवाएंगे।
- बावड़ी के पास स्थित भूमि जिस पर मदरसा का बोर्ड लगा हुआ है, के बदले में सरकारी भूमि करवाई जाने का प्रयास सामूहिक रूप से करेंगे एवं उस भूमि को सभी समुदायों के उपयोग पार्किंग आदि के काम में ली जाएगी।
- विवादित दीवार को हटाने के लिए दोनों पर सहमत हैं, जिस पर प्रशासन द्वारा पत्र व्यवहार कर हटवाने हेतु नियमानुसार प्रक्रिया अपनाकर इसे हटाया जाएगा।
- चतुर्भुज मंदिर के स्थान का रेवेन्यू रिकॉर्ड प्राप्त कर तदनुसार अग्रिम निर्माण हेतु संबंधित विभाग से अनुमति की कार्रवाई की जाएगी।


