जयपुर। राजस्थान के पाली जिले में जैतपुर चौकी में कार्यरत रहे जिस थानेदार ने मीडिया के समक्ष जिस वृताधिकारी श्रवणदास संत पर आरोप लगा रहे है,उससे पुलिस सिस्टम में बैठे लोगों की माफियाओं से मिलीभगत उजागर हो रही है। यह बात रालोपा संयोजक व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने थाना अधिकारी के वीडियो बयानों के साथ ट्वीट करके कही। सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा की पाली जिले में कार्यरत श्रवण दास संत जब नागौर के कौतवाली थाने के इंचार्ज थे,तब उस थाने के मालखाने में ही पुलिस द्वारा जब्त डोडा पोस्त चोरी हो गया।
उसका आज तक पता नही लग पाया साथ ही नागौर सहित संत जहां भी पदस्थापित रहे उनकी छवि दागदार रही ऐसे में भ्रष्टाचार में लिप्त व्यक्ति को फील्ड में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के पद पर पोस्टिंग देना दुर्भाग्यपूर्ण है। सांसद ने कहा की ऐसे अधिकारी जो अपने जूनियर अफसरों पर माफियाओं से सांठगांठ करने का दबाव बना रहे ऐसे आचरण वाले व्यक्ति पर सरकार व पुलिस महानिदेशक को संज्ञान लेकर सीओ श्रवणदास संत को तत्काल निलंबित करने की जरूरत है।
.@RajCMO @PoliceRajasthan संज्ञान लेवे,@PaliPolice में कार्यरत जिस SI ने भ्र्ष्ट Dy.SP श्रवण दास संत की माफियाओं के साथ गठजोड़ की सच्चाई बयां की है,उससे पुलिस के सिस्टम में बैठे लोगों की माफियाओं के साथ मिलीभगत पुनः उजागर हुई है Part 1 pic.twitter.com/4RKTPRs9Kw
— HANUMAN BENIWAL (@hanumanbeniwal) August 28, 2021
सांसद ने कहा कि पुलिस अधिकारियों को वीडियो में पीड़ा जाहिर कर रहे थाना अधिकारी का संरक्षण देकर उनके मामले में सही जांच करवाने की जरूरत है ताकि पुलिस में बैठे चंद कृतव्यनिष्ठ लोगो का हौसला बुलंद रहे ,साथ ही सांसद ने कहा कि जो पीड़ा थानेदार ने जाहिर की उससे यह भी सामने आया कि किस तरह आपराधिक छवि के लोग पुलिस चौकी में झंडारोहण करते है। थानों में शराब पार्टियां करते है। यह बात राजस्थान पुलिस के सिस्टम में हो रहे खोखलापन को भी दर्शा रहा है ।
