Headlines

छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरे छात्र

जयपुर: राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर छात्रों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेशभर से छात्र जयपुर के शहीद स्मारक पहुंचे। जहां से छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर छात्र ने मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच कर दिया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प भी हो गई। जिसके बाद विवाद बढ़ता देख आनन-फानन में पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामला शांत करवाया।

दरअसल, राजस्थान में कोरोना संक्रमण के चलते पिछले 2 सालों से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं। लेकिन अनलॉक डाउन की प्रक्रिया के बाद प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव हो गए थे। जिसके बाद छात्रों ने भी छात्र संघ चुनाव कराने की मांग तेज कर दी थी। ऐसे में छात्र नेता लोकेंद्र सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शुक्रवार को छात्र जयपुर के शहीद स्मारक पहुंचे थे। इस दौरान आक्रोशित छात्रों ने मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच कर दिया। जिसके बाद बमुश्किल पुलिस ने मामला शांत करवाया और छात्रों के प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री निवास भेजा।

वहीं मुख्यमंत्री निवास में आला अधिकारियों से मिलने के बाद छात्रों ने कहा कि उन्होंने अपना मांग पत्र सौंप दिया है। ऐसे में अगर सरकार ने जल्द से जल्द छात्र संघ चुनाव नहीं करवाए। तो आने वाले वक्त में प्रदेशभर के छात्र सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *