Headlines

जोधपुर, पाली, नागौर, टोंक, सवाई माधोपुर सहित 8 जिलों में अवैध खनन पर सख्ती, बंशीपहाड़पुर में संयुक्त निगरानी जारी

जोधपुर, पाली, नागौर, टोंक, सवाई माधोपुर सहित 8 जिलों में अवैध खनन पर सख्ती, बंशीपहाड़पुर में संयुक्त निगरानी जारी

जयपुर। अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस, पेट्रोलियम एवं एनर्जी डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बंशीपहाड़पुर में अवैध खनन के विरुद्ध कार्यवाही पर संतोष व्यक्त करते हुए जोधपुर, बाड़मेर, पाली, नागौर, टोंक, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा और बीकानेर सहित प्रदेष के अन्य जिलों में अवैध खनन व परिवहन पर कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने माइंस के अधिकारियों को जिला स्तर पर प्रशासन व पुलिस टीम से समन्वय बनाने पर जोर देते हुए ठोस कार्यवाही करने को कहा है। भरतपुर की रुपवास तहसील में संयुक्त कार्यवाही के दौरान एक एक्सक्वेटर मशीन और एक डंपर जब्त किया गया है वहीं प्रदेश में अन्य स्थानों से भी कार्यवाही के समाचार है।

एसीएस डॉ. अग्रवाल ने कहा कि जिस तरह से बंशीपहाड़पुर की राज्य स्तर पर जानकारी मिलते ही कार्यवाही के लिए निर्देश देने पड़े वैसी स्थिति नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कोआर्डिनेशन अधिकारी बंशीपहाड़पुर एसएमई जयपुर प्रताप मीणा से बंशीपहाड़पुर की ताजा रिपोर्ट प्राप्त की। इसी तरह से बजरी खनन, परिवहन व भण्डारण के राज्य स्तरीय प्रभारी अधिकारी श्री बीएस सोढ़ा से बजरी के अवैध खनन व परिवहन पर की जा रही कार्यवाही की जानकारी ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एमई भीलवाडा अरविन्द नन्दवाना के निर्देशन में माइंस विभाग की टीम ने भीलवाड़ा के जहाजपुर और मांडल में एक एक ट्रेक्टर बजरी जब्त कर संबंधित थानों को सुपुर्द किया है। इसी तरह से डूंगरपुर के बिछीवाड़ा में बिना ई रवन्ना और टीपी के परिवहन करते फेल्सपार के ट्रेलर को दिलीप सुथार ने जब्त किया है। एसएमई जयपुर प्रताप मीणा के निर्देशन में एमई विजिलेंस श्री केसी गोयल और एमई जयपुर श्रीकृष्ण शर्मा की टीम द्वारा क्षेत्र में गश्त जारी है।

एसएमई कोटा व भरतपुर अविनाश कुलदीप ने बताया कि एएमई रुपवास पिंक राव ने शुक्रवार-शनिवार को देर रात क्यूआरटी, पुलिस और माइंस विभाग ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए बंशीपहाड़पुर के पास के ही इलाके रुपवास के मेरथा गांव के पास मिनरल मैसनरी स्टोन के अवैध खनन में लिप्त एक एक्सक्वेटर मशीन और एक डंपर जब्त किया है। उन्होंने बताया कि एमई भरतपुर रामनिवास मंगल व एएमई रुपवास पिंक राव द्वारा बंशीपहाड़पुर खनन क्षेत्र में लगातार गश्त जारी रखते हुए चाकचोबंद किया गया है। एसीएस माइंस डॉ. अग्रवाल ने सभी अतिरिक्त निदेशकों को आवश्यक कार्यवाही व मोनेटरिंग के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *