Headlines

शांति-गया स्मृति सम्मान घोषित : कमेंटेटर प्रभात गोस्वामी को मिला खेल सम्मान

जयपुर/भोपाल। गया प्रसाद खरे स्मृति साहित्य, कला एवं खेल संवर्द्धन मंच भोपाल के तत्वावधान में संस्थित शांति-गया स्मृति सम्मान 2020 एवं 2021 की घोषणा की गई है। सभी सम्मान 26 दिसंबर को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में अर्पित किए जाएंगे। साहित्य,कला एवं खेलों के क्षेत्र में यह सम्मान उल्लेखनीय हैं।

मंच के संयोजक अरुण अर्णव खरे, संरक्षक कांति शुक्ला एवं कार्यकारी अध्यक्ष कान्ता रॉय ने यह जानकारी दी। खरे ने बताया कि इस वर्ष लगभग डेढ़ सौ पुस्तकें सम्मान हेतु प्राप्त हुई। इतनी बड़ी संख्या में से सम्मान हेतु पुस्तकों को चुनना मुश्किल एवं दुरूह कार्य था। दो चरणों में पुस्तकों का मूल्यांकन किया गया। इस मुश्किल कार्य को अंजाम देनेवाले निर्णायक गणों के प्रति श्री खरे एवं कान्ता रॉय ने आभार व्यक्त किया।

वर्ष 2020 का शिखर सम्मान रोहतक, हरियाणा के वरिष्ठ रचनाकार डॉ मधुकांत एवं वर्ष 2021 का शिखर सम्मान प्रसिद्ध साहित्यकार इंदौर के अश्विनी कुमार दुबे को प्रदान किया जाएगा। उन्हें शाल, श्रीफल, सम्मान पत्र के साथ रु० 7100/- की सम्मान निधि से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रवासी साहित्यकारों के लिए संस्थित सम्मान कनाडा की कहानीकार हंसा दीप को कहानी संग्रह “शत प्रतिशत” के लिए दिया जाएगा।

वर्ष 2000 के लिए दिए जाने वाले साहित्यक सम्मानों में कहानी विधा के लिए देहरादून की कहानीकार कुसुम भट्ट तथा व्यंग्य विधा के लिए संयुक्त रूप से शांतिलाल जैन (उज्जैन) व विनोद साव (दुर्ग) को दिया जाएगा। वर्ष 2021 हेतु देय उपन्यास विधा का सम्मान सुल्तानपुर के शोभनाथ शुक्ल को तथा गजल विधा के लिए संयुक्त रूप से प्रमोद रामावत (नीमच) व किशन तिवारी (भोपाल) को प्रदान किया जाएगा।

मंच के पदाधिकारियों द्वारा द्वितीय स्थान पर आई कृतियों के लेखकों को रु 1100/- सम्मान निधि से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। इस शृंखला में कहानी हेतु सर्व रामनगीना मौर्य (लखनऊ) व रोचिका अरुण शर्मा (चेन्नई), व्यंग्य हेतु सौरभ जैन (इंदौर) व आभा सिंह (नागपुर), उपन्यास हेतु चंद्रभान राही (भोपाल) व कमल कपूर (फरीदाबाद) तथा गजल हेतु गोविंद अनुज (शिवपुरी) व अंजलि सिफर (अम्बाला) की रचनाओं का चयन किया गया है। कथेत्तर विधा के लिए दिया जाने वाला सम्मान आगरा के डॉ दिग्विजय कुमार शर्मा को प्रदान किया जाएगा।

इस वर्ष खेलों के लिए अंतर्राष्ट्रीय कमेंट्रेटर प्रभात गोस्वामी (जयपुर) तथा दामोदर आर्य (भोपाल) को एवं कला के लिए रंगकर्मी व फिल्म कलाकार हरिओम तिवारी (भोपाल) एवं कबाड़ को अप्रतिम कलाकृतियों का रूप देनेवाले कलाकार देवेंद्र प्रकाश तिवारी को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान 26 दिसम्बर 2021 को भोपाल में आयोजित सम्मान समारोह में दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *