जयपुर: राजस्थान दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सम्मेलन में 5000 से अधिक भाजपा के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। खास बात यह है कि 15 दिसंबर को भाजपा जयपुर में गहलोत सरकार के 3 साल के कार्यकाल पूरा होने पर बड़ा विरोध-प्रदर्शन करेग। ऐसे में अमित शाह का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण हो जाता है।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति संभवता चार और 5 दिसंबर को जयपुर में होगी और 5 दिसंबर को ही पार्टी जनप्रतिनिधि सम्मेलन भी करेगी। जिसमें राजस्थान के भाजपा से जुड़े पंचायत समिति सदस्य और पार्षद से लेकर जिला परिषद सदस्य, प्रधान, जिला प्रमुख, नगर पालिका परिषद और नगर निगमों के अध्यक्ष, विधायक, सांसद व अन्य जनप्रतिनिधियों को बुलाया जाएगा।
जैसलमेर और जयपुर दोनों का बन रहा कार्यक्रम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) के कार्यक्रम की फिलहाल आधिकारिक तौर पर घोषणा नहीं की गई। लेकिन बताया जा रहा है कि शाह 4 दिसंबर देर शाम जैसलमेर पहुंचेंगे और वहां 5 दिसंबर को सुबह एक कार्यक्रम में शामिल होकर सीधे जयपुर पहुंचेंगे। जहां वे जन प्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित करेंगे। एक-दो दिन में अमित शाह का अधिकारिक जयपुर और जैसलमेर से जुड़ा कार्यक्रम घोषित कर दिया जाएगा।
