जयपुर। राजस्थान में पत्रकारिता के पुरोधा एवं साहित्यकार ईशमधु तलवार नहीं रहे। देर रात हुए कार्डियक अरेस्ट के कारण उनका निधन हो गया। मूलत: अलवर के रहने वाले ईशमधु तलवार एक बेहतरीन इंसान और संजीदा व्यक्तित्व के धनी थे। राजस्थान पत्रिका, नवभारत टाइम्स, महका भारत, भास्कर, ईटीवी सहित कई प्रमुख समाचार पत्रों और इलेक्ट्रोनिक मीडिया में अपनी कलम व व्यक्तित्व की छाप छोडऩे वाले तलवार राजस्थान श्रमजीवी पत्रकार संघ तथा पिंक सिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष भी रहे और अपने बेहतरीन कार्यकाल के कारण आज अमर हो गए।
पत्रकारिता के साथ बड़े साहित्यकार तलवार की कलम से लिखा एक-एक शब्द बोलता हुआ नजर आता था। सबसे बड़ी खास बात उनमें ये थी कि उनसे गांव-ढाणी तक का पत्रकार सीधा जुड़ा हुआ था। सदैव हंसमुख स्वभाव वाले तलवार के विरोधी भी तलवार के व्यवहार के कायल थे। वरिष्ठ पत्रकार ईशमधु तलवार के निधन का समाचार सुन हर कोई स्तब्ध हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, जनसम्पर्क मंत्री डॉ.रघु शर्मा, पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह राठौड़ सहित अनेक राजनेताओं, विभिन्न संस्थाओं और संगठनों ने तलवार के निधन पर शोक प्रकट किया हैं।
प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार, पिंक सिटी प्रेस क्लब व राजस्थान श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष रहे श्री ईश मधु तलवार के आकस्मिक निधन की जानकारी दुखद है। ईश्वर शोकाकुल परिजनों एवं स्व. श्री तलवार के मित्रों को यह आघात सहने की शक्ति दें एवं दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) September 17, 2021
