जयपुर : केंद्रीय विदेश मंत्रालय के ‘डिजिटल ट्रांसफॉरमेशन इनिसिएटिव’ के तत्वधान में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय जयपुर द्वारा राजस्थान पुलिस के सहयोग से प्रदेश में पासपोर्ट जारी करने के लिए की जाने वाली पुलिस जांच के सत्यापन मॉडल को कारगर बनाने हेतु एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। तीव्र एवं पूर्णरूपेण डिजिटल पुलिस जांच सत्यापन को सक्षम बनाते हुए मौजूदा ‘थाना मॉडल’ को पूर्णत: डिजिटल “mPassport Police App” में परिवर्तित करना एक उच्चस्तरीय उपलब्धि होगी।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय जयपुर एवं राजस्थान पुलिस के संयुक्त दिशा-निर्देशन में टीसीएस के कर्मियों द्वारा दिनांक 06.07.2021 को पुलिस कमिशनरेट, जयपुर के क्षेत्राधिकार में आने वाले पुलिस कर्मियों के लिए एक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 50 पुलिस कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया।
IFS नीतू एम. भगोतिया, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, जयपुर ने स्पष्ट किया कि प्रारम्भ में mPassport Police App को जयपुर शहर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लॉन्च किया जाएगा। जिसे शीघ्र ही सम्पूर्ण प्रदेश के पुलिस थानों पर लागू कर दिया जाएगा। mPassport Police App के माध्यम से सम्पूर्ण पुलिस सत्यापन प्रक्रिया कागजरहित बन जाएगी तथा पुलिस सत्यापन प्रक्रिया की समयरेखा भी घटकर तीन से चार दिन रह जाएगी एवं इससे भारत सरकार के ‘गो ग्रीन इनिसिएटिव’ में योगदान बढ़ेगा।
