जयपुर। राजस्थान में जारी झमाझम बारिश के बीच 14 से 16 सितंबर तक भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। इसमें भी 15 और 16 सितंबर को पूर्वी राजस्थान में अति भारी बारिश होगी। माना जा रहा है कि मानसून की अब तक की सबसे अधिक बारिश 15 सितंबर को हो सकती है। ऐसा पूर्वी राजस्थान के ऊपर अत्यंत कम दबाव का क्षेत्र बनने से होगा। उधर, पश्चिमी राजस्थान में भी तीन-चार स्थानों पर भारी बारिश होगी।
मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक आर.एस. शर्मा की माने तो राजस्थान में पूर्व में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर खत्म हो रहा है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में अत्यंत कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिसका असर राजस्थान पर मंगलवार से दिखाई देगा।
बीसलपुर में 19 सेंटीमीटर पानी की आवक
जलदाय विभाग की माने तो बीसलपुर में पानी की आवक फिर से शुरू हुई है और पिछले चार दिन के दौरान अब तक 19 सेंटीमीटर पानी आ चुका है। बांध का जलस्तर 310.78 आरएल मीटर पर पहुंच गया है। बांध के बहाव क्षेत्र में बह रही त्रिवेणी 3.40 मीटर ऊंचाई पर चल रही है। बहाव क्षेत्र में बारिश बंद होने के चलते त्रिवेणी की ऊंचाई लगातार कम होती जा रही है।
यूं रहेगा मौसम का मिजाज
14 सितंबर को जालौर, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, झालावाड़, बारां में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी।
15 सितंबर को सिरोही, उदयपुर, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़ में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। वहीं, भीलवाड़ा, राजसमंद, झालावाड़, बारां, कोटा, बूंदी, करौली, सवाईमाधोपुर, अलवर, दौसा, धोलपुर, जालौर और पाली में भारी बारिश होगी।
