जयपुर : कांग्रेस ने वल्लभनगर और धरियावद विधानसभा उपचुनाव के लिए 20 नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया है। कांग्रेस ने चुनाव आयोग को 20 नेताओं की सूची दी है। स्टार प्रचारकों में केवल राजस्थान के नेताओं को ही शामिल किया है। प्रदेश प्रभारी अजय माकन के अलावा किसी भी बाहरी राज्य के नेता या केंद्रीय नेता को कांग्रेस ने स्टार प्रचारक के रूप में शामिल नहीं किया है।
कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी अजय माकन, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट सहित 5 मंत्रियों को शामिल किया है। कांग्रेस कार्यसमिति सीडब्ल्यूसी सदस्य रघुवीर मीणा को भी स्टार प्रचारकों में शामिल किया गया है। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में बाहरी प्रदेश के नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया था। राजस्थान से सचिन पायलट को हिमाचल प्रदेश का स्टार प्रचारक बनाया गया है।
इन 5 मंत्रियों को बनाया गया स्टार प्रचारक
सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, खान मंत्री प्रमोद जैन भाया, टीएडी मंत्री अर्जुन सिंह बामणिया, खेल मंत्री अशोक चांदना
इन 5 विधायकों को बनाया गया स्टार प्रचारक
विधायक महेंद्रजीत सिंह मालवीय, लखन सिंह मीणा, दयाराम परमार, रामलाल मीणा, गणेश घोघरा को स्टार प्रचारक बनाया है।
ये नेता भी स्टार प्रचारकों में हुए शामिल
कांग्रेस नेता धर्मेंद्र सिंह राठौड़, मांगीलाल गरासिया, पुष्कर लाल डांगी, दिनेश खोडनिया और पुष्पेंद्र भारद्वाज के नाम शामिल हैं।
