जयपुर: जयपुर नगर निगम हेरिटेज के दो वार्डो में हुए उपचुनाव के परिणाम आज आ गए है। इसमें वार्ड नंबर 57 से भाजपा के प्रत्याशी हिमांशु ढलेत ने जीत हासिल की। हिमांशु ने 340 वोटों से कांग्रेस के प्रत्याशी महेश तंबोली को हराया। हिमांशु ने 3366 और महेश ने 3026 वोट हासिल किए है। वहीं, वार्ड नंबर 97 में कांग्रेस की प्रत्याशी सुनीता ने 11 वोटों से जीत हासिल कीं। उन्होंने भाजपा की प्रेमदेवी को हराया। इस तरह एक-एक प्रत्याशी की जीत के साथ भाजपा और कांग्रेस बराबर रहीं।
हिमांशु के पिता महेंद्र ढलेत इसी वार्ड से पार्षद थे। उनके सड़क हादसे में देहांत के बाद बेटे हिमांशु को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया था। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के मुताबिक पहले वार्ड 57 के वोटों की काउंटिंग की गई। इसका परिणाम घोषित होने के बाद वार्ड 97 की काउंटिंग शुरू हुई। जिसमें कांग्रेस की प्रत्याशी ने जीत हासिल की। सुबह 10:30 बजे तक दोनों वार्डों के चुनाव परिणाम सामने आ गए।
21 दिसंबर को हुए थे दोनों वार्डों में उप चुनाव
नगर निगम हैरिटेज के वार्ड संख्या 57 व 97 के निर्वाचन क्षेत्रों में मंगलवार को उप चुनाव हुए थे। उप चुनावों में मतदान के लिये आमजन में खासा उत्साह नजर आया। मंगलवार को सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक मतदान किया गया था। वार्ड 57 में 11,788 वोटर्स में से 6487 ने वोट डाले थे, जबकि वार्ड 97 में 9524 वोटर्स में से 5024 लोग वोट डालने पहुंचे।
