Headlines

जयपुर नगर निगम ग्रेटर: शील धाभाई ने संभाली महापौर की कुर्सी

जयपुर। राज्य सरकार की ओर से शील धाभाई को कार्यवाहक महापौर नियुक्त करने के बाद आज सुबह वह कार्यभार ग्रहण करने जयपुर नगर निगम कार्यालय पहुंचीं। जहां अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। धाभाई ने सबसे पहले गणेश पूजा की। हालांकि कार्यग्रहण करने से पहले वह काफी देर तक शुभ मुहूर्त का इंतजार करती रहीं। दूसरी ओर कार्यग्रहण कार्यक्रम से भाजपा संगठन ने पूरी तरह से दूरी बनाए रखी। हालांकि इस दौरान उन्होंने सौम्या गुर्जर के निलंबन के मामले में चुप्पी साधी रखी।

धाभाई कार्यभार ग्रहण करने अकेली ही पहुंची। उनके साथ भाजपा संगठन की ओर से कोई नहीं आया। हालांकि उपमहापौर पुनीत कर्णावट और लोक वाहन समिति के अध्यक्ष विनोद चौधरी इस दौरान मौजूद रहे। इस दौरान शील धाभाई ने कहा कि आयुक्त नहीं होने से मुझे फर्क नहीं पड़ता, काम करना मेरा पूरा उद्देश्य है। हालांकि कुछ देर बाद नगर निगम ग्रेटर आयुक्त यज्ञ मित्र सिंह देव पहुंचे और उन्होंने महापौर का स्वागत किया।

यहां विरोध प्रदर्शन

वहीं सौम्या गुर्जर को मेयर और तीन भाजपा पार्षदों के निलंबन मामले को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मामले में भाजपा लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। आज सुबह कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने काली पट्टी बांधकर और हाथों में तख्तियां और काले झंडे लेकर विरोध जताया। सभी ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर , नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *