नई दिल्ली : कोरोना के संकट के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे नई दिल्ली में हैं। उद्धव ठाकरे ने यहां प्रधानमंत्री आवास पर पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उनके साथ राज्य के डिप्टी सीएम अजित पवार, मंत्री अशोक चव्हाण भी मौजूद रहे। उद्धव ठाकरे ने इस दौरान पीएम मोदी के सामने मराठा आरक्षण, मेट्रो शेड, जीएसटी कलेक्शन को लेकर बात रखी।
पीएम मोदी संग इन मसलों पर हुई चर्चा
उद्धव ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पीएम मोदी ने हमारे हर मुद्दे को ध्यान से सुना है और गंभीरता से विचार करने की बात कही है। उन्होंने जानकारी दी कि पीएम मोदी के साथ मराठा आरक्षण, राजनीतिक आरक्षण, मेट्रो शेड, जीएसटी कलेक्शन, क्रॉप इंश्योरेंस, साइक्लोन और अन्य मसलों पर विस्तार से चर्चा की गई है। सीएम उद्धव ठाकरे की ओर से मांग की गई है कि मराठी भाषा को केंद्र की ओर से स्टेटस दिया जाए, ऐसी मांग की गई है। तमाम विषयों को लेकर हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र सौंपे हैं।
आरक्षण का मसला सिर्फ महाराष्ट्र का नहीं, बल्कि देश का है
मराठा आरक्षण के मसले पर राज्य सरकार के मंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि अब आरक्षण को लेकर राज्य से ज्यादा ताकत केंद्र के पास है, ऐसे में केंद्र सरकार को इस मामले में आगे बढ़कर कदम उठाना चाहिए और सुप्रीम कोर्ट के समक्ष सभी का पक्ष रखना चाहिए।
डिप्टी सीएम अजित पवार ने कहा कि आरक्षण का मसला सिर्फ महाराष्ट्र का नहीं है, बल्कि देशभर का है। वहीं, जीएसटी को लेकर कहा कि हमारा 24 हजार करोड़ रुपये का हिस्सा मिलना बाकी है, इसे जल्द से जल्द हमें दिया जाए।
