जयपुर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक तथा नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल लगातार तीसरे दिन भी जयपुर जिले के दौरे पर रहे। उन्होंने पंचायती राज चुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य पद हेतु चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के समर्थन में तूफानी जनसंपर्क किया। अपनी सभाओं में सांसद हनुमान बेनीवाल ने जहां भारतीय जनता पार्टी व कांग्रेस पर जमकर कटाक्ष किया, वहीं आमजन से रालोपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की ।
बेनीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की जादूगरी लोकसभा चुनाव में उनके पुत्र को जोधपुर से हराकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने ही खत्म की थी। वर्तमान में जो स्थिति बनी हुई है उससे राजस्थान का भला नहीं होने वाला,क्योंकि भाजपा और कांग्रेस दोनों कॉरपोरेट के भंवर जाल में फंसे हुए हैं। गांव ,गरीब व किसान के हितों से उनको कोई सरोकार नहीं है।
ऐसे में लोगों को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के साथ आकर पार्टी को मजबूत करने की आवश्यकता है ताकि पंचायती राज संस्थाओं में रालोपा के प्रतिनिधियों की संख्या बढ़े तथा 2023 के मिशन को भी आसानी से पूरा किया जा सके। बेनीवाल ने कहा कि टोल मुक्त राजस्थान, किसानों की संपूर्ण कर्ज माफी तथा बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिलने तक बेरोजगारी भत्ते के साथ स्थानीय लोगों को क्षेत्र के उद्योगों में 80% रोजगार देने में प्राथमिकता बनाने की नीति सहित जनहित से जुड़े दर्जनों मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ रही है।
उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बोलते हुए कहा कि राजस्थान में सत्ता पक्ष के दो गुट बने हुए हैं। ऐसे में उन्हें आपसी झगड़े से ही फुर्सत नहीं है। राजस्थान की कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। बलात्कार हत्या सहित गंभीर अपराध लगातार राजस्थान में बढ़ रहे हैं जिससे राजस्थान को आये दिन शर्मशार होना पड़ता है। सांसद बेनीवाल ने आज गुरुवार को जयपुर जिले के चितवाडी, टांकरडा ,इटावा भोपजी ,सिंगोद खुर्द,आष्टी ,जुनसिया ,डुगरी ,हिंगोनिया,भोजपुरा , डेहरा, मुंडवाड़ा,सिनोदिया ( खतवाड़ी) ,त्योदा आदि स्थानों पर जन सम्पर्क सभाओं को संबोधित किया।
अपने जन सम्पर्क कार्यक्रम में जहां सांसद को युवाओं ने कंधे पर बैठाकर जुलूस निकाला, वहीं कई जगह सांसद ट्रेक्टर चलाकर सभा स्थल तक पहुँचे। जन सम्पर्क के दौरान रालोपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणदीप सिंह चौधरी,प्रदेश प्रवक्ता राजपाल चौधरी ,प्रदेश महामंत्री छुटन यादव सहित दर्जनों पदाधिकारी व सैकड़ो कार्यकर्ता साथ रहे ।


