जयपुर। राज्य में पांच प्रमुख माइनर मिनरल्स से ही राज्य सरकार को 1321 करोड़ 37 लाख रु. का रेकार्ड राजस्व प्राप्त हुआ है। अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस एवं पेट्रोलियम डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि मैसेनेरी स्टोन, मार्बल, ग्रेनाइट, सेंड स्टोन और लाइमस्टोन बर्निंग माइनर मिनरल्स से 2019-20 की तुलना में 31 मार्च, 23 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष में राजस्व में 400 करोड़ रु. की बढ़ोतरी रही है। उन्होंने बताया कि माइंस विभाग द्वारा वैध खनन को बढ़ावा देने और राजस्व छीजत में प्रभावी रोक का ही परिणाम है कि राज्य में माइनिंग क्षेत्र से राज्य सरकार को राजस्व प्राप्ति का नया रेकार्ड कायम किया जा रहा है।
एसीएस माइंस डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि हाल ही समाप्त हुए वित्तीय वर्ष में माइंस क्षेत्र 7211 करोड़ और पेट्रोलियम क्षेत्र से 4889 करोड़ रु. से अधिक का राजस्व एकत्रित कर समग्र रुप से माइंस एवं पेट्रोलियम क्षेत्र से 12100 करोड रु. से भी अधिक का राजस्व संग्रहित कर रेवेन्यू प्राप्त करने का नया इतिहास बनाया गया है। उन्होंने बताया कि ग्रेनाइट के क्षेत्र में तो 2019-20 के 113 करोड़ 73 लाख के राजस्व की तुलना में 2022-23 में 226 करोड़ 06 लाख रु. का रेवेन्यू संग्रहित कर ग्रोथ लगभग दोगुणी हो गई है।वहीं पांचों माइनर मिनरल्स में ही गत वित्तीय वर्ष की तुलना में इस साल राजस्व प्राप्ति में उल्लेखनीय ग्रोथ रही है।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि विभाग मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के वैध खनन को बढ़ावा और अवैध खनन के विरुद्ध सख्ती के निर्देश और खान मंत्री प्रमोद जैन भाया के निर्देशन में सभी क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित कर रहा है। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि मैसेनेरी स्टोन, मार्बल, ग्रेनाइट, सेंड स्टोन और लाइमस्टोन बर्निंग माइनर मिनरल्स से 2019-20 में 919 करोड़ 41 लाख रु. राजस्व प्राप्त हुआ। इसके बाद 2020-21 में कोविड के कारण राजस्व में कमी होते हुए 846 करोड़ 98 लाख रु. रह गए। उन्होंने बताया कि कोविड अवधि से ही विभाग ने माइंस गतिविधियों को पटरी पर लाने के योजनावद्ध प्रयास किए और वर्ष 2021-22 में इन पांच माइनर मिनरल्स मेें ही राजस्व बढ़कर 1127 करोड़ 06 लाख रु हो गया।
एसीएस डॉ. अग्रवाल ने बताया कि राजस्व बढ़ाने के लिए विभाग द्वारा योजनावद्ध प्रयास करने के साथ ही मोनेटरिंग सिस्टम को मजबूत बनाया गया जिसके परिणाम स्वरुप 31 मार्च, 2023 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष में मैसेनेरी स्टोन, मार्बल, ग्रेनाइट, सेंड स्टोन और लाइमस्टोन बर्निंग माइनर मिनरल्स से गत वित्तीय वर्ष से भी 184 करोड़ से अधिक की बढोतरी के साथ 1321 करोड़ 37 लाख रु. का रेवेन्यू प्राप्त हुआ है।
निदेशक माइंस संदेश नायक ने बताया कि प्रदेश में मैसेनरी स्टोन के 5931, मार्बल के 1784, ग्रेनाइट के 1918, सेंड स्टोन के 917 और लाइमस्टोन बर्निंग के 389 लीजधारक है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा मोनेटरिंग व्यवस्था को मजबूत और राजस्व संग्रहण पर जोर का परिणाम रहा कि इस साल रेकार्ड 1321 करोड़ से अधिक का राजस्व प्राप्त किया गया है। नायक ने बताया कि माइंस विभाग द्वारा अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है और राजस्व बढ़ाने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि टीम भावना से कार्य करते हुए राजस्व बढ़ोतरी के प्रयास जारी है।