जयपुर : शहर में शुक्रवार सुबह विद्याधरनगर डिपो की लो-फ्लोर बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। बस में धुआं निकलते देख यात्री घबरा गए। ड्राइवर ने बस को साइड में रोका, जिसके बाद इमरजेंसी गेट को तोड़ कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद आग को बुझाया गया। बस कंडक्टर भंवरलाल ने विद्याधरनगर डिपो एमडी को कंपनी के खिलाफ लापरवाही की शिकायत दी है।
विद्याधरनगर डिपो की लो-फ्लोर बस एसी-2, 4506 में गांधीनगर रेलवे स्टेशन के पास इंजन में आग लग गई। खास बात है कि बस ड्राइवर को पता भी लगा। साइड से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक ने आग लगते देखकर तुरंत ड्राइवर को बताया। तब बस को साइड में रोका गया। बाहर आकर देखा तो धुआं निकल रहा था। बस का इमरजेंसी गेट भी नहीं खुला। तब गेट को तोड़ कर यात्रियों को बस से निकाला गया।
कंडक्टर भंवरलाल ने एमड़ी को शिकायत देकर कहा कि कंपनी ने आग को नॉर्मल बता कर बस को चलाने की बात कहीं। उन्होंने कहा कि ब्रेक डाउन होने पर वाहनों को संचालित नहीं किया जाए। बसों में काफी कमी है। साथ ही बसों में इमरजेंसी गेट से दोनों गेट पुश बटन पर सही से काम करें। बसों में खराबी होने पर भी समय पर काम नहीं करवाया जाता है।
