जयपुर। लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में कांग्रेस के मौन पैदल मार्च के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर जमकर प्रहार करते हुए कहा-लखीमपुर खीरी की घटना ने देश को हिलाकर रख दिया है। प्रियंका गांधी के साथ जिस तरह का व्यवहार पुलिसवालों ने किया वह निंदनीय है। मैंने खुद वीडियो देखा है, प्रियंका गांधी और दीपेंद्र हुड्डा के साथ किस तरह का बर्ताव हो रहा था। अब उन्हें मैसेज देने का वक्त आ गया है। आज मोदीजी मन की बात कर रहे हैं, 2024 में देश की जनता मन की बात करके इन्हें आईना दिखाएगी। उन्होंने कहा देश का डीएनए और कांग्रेस का डीएनए एक हैं।
गहलोत ने कहा- केंद्र सरकार ने किसानों से किए वादे पूरे नहीं किए। कांग्रेस हर घर और हर गांव में हैं। कांग्रेस और देश का डीएनए एक है। आखिर में तो देशवासियों को कांग्रेस के हवाले देश देना पड़ेगा। वे देश का डीएनए लेकर बनाई गई हैं। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी शहीद हो गए लेकिन 15 साल में राहुल गांधी ने कभी नहीं बोला। वे शहीदों के बच्च्चे हैं जिन्होंने देश के लिए जान दे दी।
गहलोत ने कहा- आरएसएस के लोग जिस तरह सोशल मीडिया पर राहुल गांधी के बारे में हलकी बातें चला रहे हैं। पंडित नेहरू जिन्होंने देश के लिए कई साल जेल में बिताए,लेकिन इन्होंने नेहरू को भी नहीं छोड़ा। अब देश इन्हें भी नहीं छोड़ेगा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से कहा कि आप किसानों के बीच में जाएं। आने वाले वक्त में और बड़ा आंदोलन खड़ा करने के लिए आपको तैयार रहना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के किसान राजधानी दिल्ली के बॉर्डर पर बैठे हैं। उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।हरियाणा में किसानों पर लाठीचार्ज हुआ। राजस्थान में हमारी कांग्रेस सरकार इन कानूनों के खिलाफ कृषि कानून लेकर आई, लेकिन वो राजस्थान के राज्यपाल महोदय के यहां अटके हुए हैं।
गहलोत ने कहा हमने वो वक्त भी देखा है जब इंदिरा गांधी भी चुनाव हार गई थीं। ढाई साल में फिर वापस सत्ता में आए। आज मोदी जी मन की बात कर रहे हैं। लेकिन 2024 में जनता मन की बात करेगी।