जयपुर: राजस्थान सरकार अलग-अलग विभागों में काम कर रहे संविदाकर्मियों को नियमित कर सरकारी नौकरी में शामिल करेगी।
संविदाकर्मियों के लिए सेवा नियम बनाए जा रहे हैं। जिसके बाद 1 लाख से ज्यादा संविदा कर्मियों को नियमित किया जाएगा। शिक्षा मंत्री डॉ बीडी कल्ला ने इसकी जानकारी दी। डॉ कल्ला ने बताया कि उदाहरण के तौर पर किसी विभाग में 5000 पदों पर भर्ती हो रही है। तो उस विभाग में काम कर रहे संविदाकर्मियों को उन भर्तियों में शामिल कर नियमित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इसी तरह सभी संविदाकर्मियों को नियमित करेगी। सीएम गहलोत की अध्यक्षता में हुई बैठक में संविदाकर्मियों के सेवा नियमों को लेकर फैसला हुआ है। जल्द ही इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा। सभी विभागों में काम कर रहे संविदाकर्मियों के लिए एक समान सेवा नियम बनाए जाएंगे। पहले भी प्रदेश सरकार ने कई बड़ी भर्तियां की हैं। उसी तर्ज पर अब सरकार नई भर्तियां निकालने का बड़ा फैसला करने जा रही है। इससे विभागों में सालों से काम कर रहे संविदाकर्मियों और उनके परिवारों को राहत मिलेगी।
