जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में कांग्रेस की आयोजित रैली पर RLP सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा अपने युवराज को रीलॉन्चिंग करने के बहाने महंगाई के विरोध का नाम लेकर आयोजित की रैली एक फ्लॉप शो था। सांसद बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान में देश की सबसे ज्यादा महंगी बिजली की दरें है तथा यहां सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल है। मगर देश में बढ़ती महंगाई कम करवाने का ठेका ले चुके गहलोत यह क्यों भूल जाते है कि राजस्थान में महंगाई कम करने के लिए उन्होंने कोई कदम नही उठाया।
सांसद बेनीवाल ने कहा कि इस रैली में सरकारी मशीनरी का जमकर दुरुपयोग किया गया। सरकार ने अफसरों पर दबाव बनाकर आंगनवाडी कार्यकर्ताओ तथा वीभिन्न जिलों से नरेगा मजदूरों को ले जाया गया और इस रैली का विफलता का एक प्रमाण और है कि कांग्रेस की रैली में इनके दावे के अनुरूप लोग नही आने वाले थे इसलिए कुर्सियां लगाई गई। सांसद ने कहा ओमिक्रोन का संकट आ रहा है उसके बावजूद कांग्रेस ने निज स्वार्थ के लिए आम जन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने के लिए ऐसा कदम उठा लिया जो चिंताजनक है।
