जयपुर: कांग्रेस नेताओं ने आज लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के इस्तीफे की मांग को लेकर मौन व्रत रखा। सिविल लाइन्स फाटक के पास कांग्रेस नेताओ ने मौन व्रत का आयोजन किया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा मौजूद थे। इसके अलावा मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, लालचंद कटारिया,सुभाष गर्ग, महेश जोशी, सांसद नीरज डांगी, भजनलाल जाटव, विधायक रफीक खान , अमीन कागजी,शकुंतला रावत, अर्चना शर्मा, ज्योति खंडेलवाल, अश्क अली टांक, मुनेश गुर्जर, मुमताज मसीह, सत्येन्द्र भारदाज, सुरेश चौधरी,ललित तूनवाल, रूपेश कांत व्यास, जसवंत गुर्जर, आर आर तिवाड़ी , पवन गोदारा सहित कई पार्टी पदाधिकारी और अग्रिम संगठनों के नेता और कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए।
मौन व्रत के जरिए अजय मिश्रा का मांगा इस्तीफा
प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने मौन व्रत करके केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के इस्तीफे की मांग रखी। लखीमपुर खीरी में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे पर प्रदर्शन कर रहे चार किसानों को गाड़ी से कुचलकर मारने का आरोप है। मिश्रा के बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। आशीष घटना के सातवें दिन शनिवार को क्राइम ब्रांच के सामने पेश हुआ था।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस को चिट्ठी भेजकर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के इस्तीफे की मांग को लेकर तीन घंटे मौन व्रत करने के निर्देश दिए थे। कांग्रेस ने इससे पहले जयपुर में पैदल मार्च करके लखीमपुर खीरी की घटना का विरोध जताया था। फिर पीसीसी के बाहर सभा भी की थी। इसमें सीएम गहलोत ने मोदी और योगी पर निशाना साधा था।
