कोरोना पर CM की बैठक: गहलोत बोले- वैक्सीन की दोनों डोज नहीं लगवाने वाले को 31 जनवरी से घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होंगी

जयपुर: प्रदेश में कोरोना कंट्रोल के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की लाइव बैठक चल रही है। इस बैठक में सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि हमें वैक्सीनेशन को लेकर सख्ती करनी होगी। 3 जनवरी से प्रदेश में नाइट कर्फ्यू से लेकर सख्ती शुरू होगी। पंजाब की तर्ज पर नई SOP जारी करनी पड़े तो कीजिए। 31 जनवरी वैक्सीन की दोनों डोज लगाने का समय है। इसके बाद हमें सख्ती करनी होगी। पंजाब की तर्ज पर राजस्थान में भी बिना वैक्सीन की दोनों डोज लगे व्यक्ति को घर से निकलने की अनुमति ही नहीं हो।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सैंपलिंग बढ़ाने के लिए अफसर को फटकार लगाई। गहलोत ने कहा कि पिछले सात दिन में इतने ज्यादा कोरोना केस आ गए, लेकिन सैंपलिंग के फिगर 3 से 4 हजार के बीच हैं। क्या आपके दिमाग में यह बात नहीं आती कि सैंपलिंग बढ़ानी चाहिए। क्या आपको 10 हजार सैंपल नहीं लेने चाहिए।

सीएम ने कहा- डेल्टा के वक्त भी हाहाकार मच गया था। वैरिएंट ही पूरी तरह बदल गया था। ओमिक्रॉन कब रूप बदल ले, कह नहीं सकते। अमेरिका में रोज 5 लाख केस आ रहे हैं। यह तेजी से फैलता है। पिछली बार भी ऐसे ही फैला था। राजस्थान में 90 फीसदी लोगों में एंटीबॉडी डेवलप होने की बात सर्वे में आई है। हो सकता है उसके कारण ही हम बचे हुए हों।

सीएम ने कहा कि राजस्थान में केवल जयपुर ही ऐसी जगह है जहां इतने ज्यादा केस आ रहे हैं। यह प्रदेश की राजधानी है, इसे आप हलके में मत लेना। दिल्ली के हालत देखे हैं क्या आपने। वहां कितने केस आ रहे हैं? यह हाथ से निकल गया तो कुछ नहीं होगा। सैंपलिंग बढाकर हालात काबू कीजिए।

बैठक में सीएम गहलोत ने कहा कि कोरोना से मौत के आंकड़े नहीं छुपाएं। 10 दिन में 83 से बढ़कर 521 पॉजिटिव होना हमारे लिए अलार्मिंग है। मानसरोवर, वैशाली, सोडाला में केस ज्यादा हैं। कोरोना से मौत के आंकड़े छिपाने का कोई तुक नहीं है। हमें आंकड़े नहीं छुपाने हैं। कहा जा रहा है कि मौत के आंकड़े छुपाए जा रहे हैं। आंकड़े रोज जारी करें तो ठीक रहेगा।

कोरोना पॉजिटिव मरीजों को घर पर दवा पहुंचाई जा रही

बैठक में जयपुर कलेक्टर ने कहा, जयपुर शहर को 23 भागों में बाट कर प्लानिंग की गई है। ज्यादातर मरीज एसिमटोमेटिक हैं। पहले की तरह कोरोना पॉजिटिव मरीजों को घर-घर दवा पहुंचा दी जाएगी। 31 जनवरी से पहले ही सबको डबल डोज लगा देंगे। आज 101 पॉजिटिव आए हैं।

कोरोना की नई टेबलेट

एसएमएस मेडिकल कॉलेज के ​प्रिंसिपल डॉ सुधीर भंडारी ने कहा कि कोरोना की नई दवाएं आ गई है। एक टैबलेट मोल्नुपिरावर आई है। जो आज से जयपुर में भी उपलब्ध हो जाएगी। मोल्नुपिरावर दिन में दो बार लेनी होती है, 5 दिन में 2000 रुपए की लागत आती है। ओमिक्रॉन इम्युनिटी को बढा रहा है। यह रिसर्च में आया है। ओमिक्रॉन की स्टडी आई है। इसमें पाया गया है कि ओमिक्रॉन डेल्टा से बचाव कर रहा है।

न्यू ईयर पर बाहर सेलिब्रेशन से बचने की सलाह

मेडिकल एक्सपर्ट डॉ. वीरेंद्र सिंह ने कहा कि आज की रात के सेलिब्रेशन में खतरा है। हम घर पर ही न्यू ईयर मनाएं। बाहर निकलें तो इनडोर कार्यक्रम से बचें। इनडोर कार्यक्रम है तो मास्क लगाकर रहें। डांस और सिंगिंग से बचें।

अगले महीने राजस्थान में 40 हजार पार कर सकता है पॉजिटिव का आंकड़ा

एसएमएस अस्पताल के डॉ अशोक अग्रवाल ने कहा कि दुनिया का ट्रेंड देखते हुए राजस्थान में अगले एक महीने में 40 से 50 हजार कोरोना पॉजिटिव केस हो सकते हैं। देश में यह संख्या 30 से 35 लाख हो सकती है। राजस्थान में हमें दो से तीन जीनोम सिक्वेंसिंग लैब लगानी चाहिए। अभी राजस्थान के डेटा नहीं है। डेटा बाहर से आ रहे हैं। राजस्थान में पब्लिक हेल्थ के 500 डॉक्टर हैं। हमें उनकी सहायता लेकर खुद के डेटा तैयार करने चाहिए। कौनसा वैरिएंट आया है। यह डॉक्टर नहीं अखबार बता रहे हैं। लोगों में भय बढ़ रहा है।

ओमिक्रॉन के फैलने की स्पीड डेल्टा से पांच गुना, स्कूल, दफ्तरों में मूवमेंट को कंट्रोल किया जाएगा। RUHS के इंचार्ज डॉ अजीत सिंह ने कहा कि वायरस के केस तेजी से बढ़े हैं। ये केस रुकेंगे कैसे, इस पर फोकस करना होगा। हमें कोविड अप्रोप्रिएट बिहेवियर पर जोर देना होगा। इसमें 100 फीसदी वैक्सीनेशन को भी जोड़ना होगा। जनवरी के बाद दफ्तर, स्कूल में मूवमेंट रोका जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *