जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशाोक गहलोत के भाई अग्रसेन गहलोत को फर्टिलाइजर घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया है। ईडी के दिल्ली ऑफिस में सोमवार को अग्रसेन गहलोत से फर्टिलाइजर घोटाले में करीब 5 घंटे पूछताछ हुई थी। आज भी अग्रसेन गहलोत से फर्टिलाइजर को महंगे दामों में एक्सपोर्ट करने पर सवाल-जवाब होंगे।
पिछले साल ही जुलाई में अग्रसेन गहलोत के खिलाफ ईडी ने फर्टिलाइजर घोटाले में केस दर्ज किया था। ईडी की टीमों ने अग्रसेन गहलोत के जोधपुर में फार्म हाउस और फर्मों पर छापेमारी की थी। छापेमारी में ईडी ने फर्टिलाइजर एक्सपोर्ट से जुड़े दस्तावेज जब्त किए थे।
गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट की रोक
राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर बेंच ने हाल ही में अग्रसेन गहलोत की गिरफ्तारी पर रोक लगाई थी। हाई कोर्ट ने गहलोत को गिरफ्तारी से राहत देते हुए ईडी की जांच में सहयोग करने को कहा था। हाईकोर्ट की रोक जारी रहने तक फर्टिलाइजर घोटाले में ईडी अग्रसेन गहलोत को गिरफ्तार नहीं कर सकती।
एक्सपोर्ट करने का आरोप
अग्रसेन गहलोत पर प्रतिबंधित सब्सिडी वाला फर्टिलाइजर मलेशिया सहित कई देशों में एक्सपोर्ट करने का आरोप है। किसानों को सब्सिडी पर दिए जाने वाले फर्टिलाइजर को एक्सपोर्ट करना गैर कानूनी है। अग्रसेन गहलोत के मालिकाना हक वाली कंपनी ने सब्सिडी वाले फर्टिलाइजर की बड़ी खेप निर्यात की थी। वह इंडियन पोटाश लिमिटेड (IPL) के ऑथराइज्ड डीलर थे।
ईडी में दर्ज मुकदमे के अनुसार, अग्रसेन गहलोत की कंपनी ने साल 2007 से 2009 के बीच सब्सिडी वाला फर्टिलाइजर खरीदा और इसे किसानों को देने की जगह महंगे दामों में एक्सपोर्ट कर दिया। ईडी इसी मामले की जांच कर रही है।
