Headlines

लड़की से मिलने पार्क में बुलाकर ब्लैकमेलर युवक को पकड़ा, निर्भया स्क्वायड ने ACB की तर्ज पर बिछाया जाल

जयपुर : निर्भया स्क्वायड ने आज एक युवती को ब्लैकमेल करने वाले युवक को पकड़ा है। निर्भया स्क्वायड ने बताया कि व्हाट्सएप पर चैटिंग नहीं करने पर खफा एक युवक ने युवती को ब्लैकमेल करना शुरु कर दिया। पीड़िता के एडिट किए आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकियां देकर परेशान करने लगा। आखिरकार परेशान युवती सुसाइड करने के इरादे से घर छोड़कर निकल गई। तभी ऑपरेशन सेफर व्हील्स के दौरान गश्त कर रही निर्भया स्क्वायड की महिला पुलिसकर्मियों को देखकर युवती ने उनसे संपर्क किया। अपनी परेशानी बताकर रोने लगी।

तब निर्भया स्क्वायड ने ब्लैकमेलर को पकड़ने के लिए एसीबी की तर्ज पर जाल बिछाया। स्क्वायड ने युवती को कहा कि मैसेज कर ब्लेकमेलर युवक को एक पब्लिक पार्क में मिलने के बहाने बुलाये। वहां युवक ने उसे धमकाना शुरु कर दिया। तभी सादा वर्दी में आसपास मौजूद निर्भया स्क्वायड की महिला पुलिकर्मियों ने आरोपी को धरदबोचा। श्याम नगर थाने में सूचना देकर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। इसके बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया।

जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी (मेट्रो) ऋचा तोमर ने बताया कि गिरफ्तार युवक बाबूलाल (24) हसनपुरा का रहने वाला है। वह कुछ समय पहले पीड़िता के संपर्क में आया था। युवती को युवक की आपत्तिजनक बातचीत से एतराज होने लगा। ऐसे में उसने सोशल मीडिया पर बातचीत करना बंद कर दिया।

इससे खफा युवक ने पीड़िता को फोन कर और मैसेज कर पिछले कई दिनों से जान से मारने की धमकियां देना शुरु कर दिया। उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकियां देने लगा। तब युवती ने सुसाइड करने की ठान ली।

इस बीच निर्भया स्क्वायड की महिलाओं ने उसकी मदद करने की ठानी। इसके बाद एडिशनल डीसीपी सुनीता मीणा ने खुद केस की मॉनिटरिंग की। युवती काफी घबराई हुई थी। तब सुनीता मीणा ने उसे हिम्मत दी। तब युवती ने मिलने की बात कही। श्याम नगर इलाके में एक पब्लिक पार्क में बुलाया। वहां युवक ने पीड़िता से दुव्यवहार शुरु कर दिया। तभी पुलिस ने बाबूलाल को धरदबोचा।

निर्भया आपके साथ है, इन नंबरों पर करें तत्काल शिकायत

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एवं निर्भया स्क्वॉड टीम की नोडल अधिकारी सुनीता मीणा ने बताया कि महिलाएं एवं बालिकायें निर्भय रहें, क्योंकि निर्भया आपके साथ है। किसी प्रकार की परेशानी हो तो महिला हेल्पलाइन 100, 112, 1090 और व्हाट्सएप हैल्पलाइन नंबर 8764868200 और 7300363636 पर जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के कंट्रोल रूम को सूचित करें। निर्भया स्क्वायड की महिला कर्मी सादा वर्दी में लगातार गश्त करते हुए निगरानी कर रही है, कोई भी मनचला अगर आपको परेशान करें तो डरे नहीं जोर-जोर से हल्ला करें।

gandhi advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *