जयपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की अलग-अलग टीमों ने आज तीन अफसरों पर कार्रवाई के लिए जयपुर, जोधपुर और चित्तौडग़ढ़ सहित करीब 18 जिलों में छापामारी को अंजाम दिया है। यह पूरा मामला आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा होने का बताया जा रहा है। इनमें एक जोधपुर में सूरसागर थाने में पुलिस इंस्पेक्टर प्रदीप शर्मा, दूसरा जयपुर में जेडीए में एक्सईएन निर्मल गोयल और तीसरा चित्तौडग़ढ़ डीटीओ मनीष शर्मा है।
ACB को इन तीनो के खिलाफ पिछले दिनों मिली शिकायतों के बाद एसीबी ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में शिकायत दर्ज की थी। इसके बाद आज अचानक एसीबी की टीमों ने इनके ठिकानों पर सर्च कार्रवाई शुरू कर दी है। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, उदयपुर आदि जिलों में छापेमारी की कार्रवाई चल रही है। जानकारी के अनुसार जयपुर में एक्सईएन निर्मल गोयल के मानसरोवर में मध्यम मार्ग स्थित आवास पर छापामारी की गई है।
एसीबी का यह एक्शन डीजी बीएल सोनी व एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में एएसपी चंद्रप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में किया जा रहा है। सर्च पूरी होने के बाद दोपहर बाद तक एसीबी पूरे मामले का खुलासा करेगी।
