जयपुर: रीट, सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के बाद अब RAS मुख्य परीक्षा को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को सैकड़ो की संख्या में युवाओं ने राजस्थान यूनिवर्सिटी में धरना दिया। इस दौरान ABVP के कार्यकर्ताओं ने भी RAS परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने की मांग की। ABVP के राष्ट्रीय मंत्री होशियार मीणा ने कहा कि सालों से युवा एग्जाम की तैयारी कर रहे थे। लेकिन आखिरी वक्त में सिलेबस में बदलाव हुआ है। ऐसे में सरकार को भर्ती परीक्षा आगे बढ़ानी चाहिए। मीणा ने कहा कि अगर सरकार ने भर्ती परीक्षा को आगे नहीं बढ़ाया। तो ABVP प्रदेश व्यापी आंदोलन करेगी। जिसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।
दरअसल, राजस्थान में 25 और 26 फरवरी को RAS मुख्य परीक्षा का आयोजन किया जाना है। छात्रों का कहना है कि इस बार कोर्स में बदलाव किया गया है। ऐसे में उन्हें तैयारी करने के लिए पूरा वक्त नहीं मिल पाया है। इसलिए राजस्थान लोक सेवा आयोग को छात्रों को पढ़ने के लिए और वक्त देना चाहिए। आज के माहौल में कोई भी प्रतियोगी परीक्षा विवादों से बच नहीं पाई है। रीट और पटवार रिजल्ट ने पारदर्शिता की पोल खोलकर रख दी है। वहीं, अब समय से पहले RAS मुख्य परीक्षा का आयोजन करवाकर अभ्यर्थियों के साथ अन्याय किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जब UPSC ने सिलेबस में बदलाव किया था। तो आठ महीने का समय दिया था। लेकिन RPSC ने UPSC के मुकाबले आधा समय भी नहीं दिया है।
