जयपुर: अलवर रेप प्रकरण मामलें में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने प्रदेश कांग्रेस सरकार पर सच छिपाने का आरोप लगाया है। पूनिया ने कहा कि ऐसा लगता है अलवर मामले पर कांग्रेस सरकार सच को छुपाने के लिए 100 झूठ बोल रही है। सरकार अपराधियों को बचाने में लगी है। मीडिया से बातचीत में पूनियां ने कहा कि इस मामले पर कांग्रेस सरकार सच पर पर्दा डालने की नाकाम कोशिश कई बार कर चुकी है। पूनियां ने कहा प्रदेश को एक फुल टाइम गृहमंत्री मिलना चाहिए, जिससे बहन-बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चत हो सके।
सरकार और पुलिस का यू-टर्न
सतीश पूनियां ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस को एक हफ्ता तो इसी में लग गया कि इंजरी किस किस्म की थी और किस वजह से हुई। पुलिस की इस तरह की कार्यशैली पर सवाल खड़ा होता है। उन्होंने कहा जिस तरह से इस पूरे मामले में ढिलाई बरती, सरकार और पुलिस ने जो यू-टर्न लिया। वह आश्चर्यजनक है। क्योंकि सरकारी नुमाइंदे दुष्कर्म के मुआवजे के रूप में 3 लाख 50 हजार रुपए देने जाते हैं। ऐसा लगता है कि कुछ मिटाने की कोशिश की गई है। दाल में कुछ काला जरूर है और सरकार अपराधियों को बचाने में लगी है।
कानून व्यवस्था देश में सबसे ज्यादा खराब
पूनियां ने उदयपुर में आदिवासी महिला से गैंगरेप मामले पर भी कहा कि राजस्थान की कानून व्यवस्था देश में सबसे ज्यादा खराब है। हालात इस कदर हो चुके हैं कि अपराधी मस्त, जनता त्रस्त और मुख्यमंत्री वर्चुअल में व्यस्त हैं। प्रदेश में कहीं भी बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। आदिवासी महिलाओं पर अत्याचार के 5800 से ज्यादा मामले मौजूदा सरकार के राज में सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 3 साल में 6 लाख 51 हजार से ज्यादा दर्ज मुकदमों में महिला अत्याचार के 1 लाख 17 हजार से ज्यादा मामले हैं। बलात्कार के मामलों में 19.50 फीसदी बढ़ोतरी हुई है।
