जयपुर। प्रदेश में 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के निशुल्क वैक्सीनेशन के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा की गई आर्थिक सहयोग की अपील पर आईएएस एवं आरएएस अधिकारियों ने पहल करते हुए राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष-कोविड वैक्सीनेशन अकाउंट में अंशदान देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री को आईएएस एसोसिएशन की ओर से मुख्य सचिव श्री निरंजन आर्य ने तीन दिन तथा आरएएस एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष श्री शाहीन अली खान ने दो दिन का वेतन देने के निर्णय से अवगत कराया। श्री गहलोत ने उनकी इस पहल को सराहते हुए कहा कि संकट के इस समय में प्रदेशवासियांे की जीवन रक्षा सर्वाेपरि है। इस दिशा में हर वर्ग का सहयोग राज्य सरकार के कोविड प्रबंधन के प्रयासों को और मजबूती प्रदान करेगा।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर बैंक खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की जयपुर सचिवालय शाखा में खोला गया है, जिसकी खाता संख्या 40166914665 और आईएफएससी कोड SBIN0031031 है। सहयोगकर्ता इस विवरण के साथ नकद, चैक एवं इलेक्ट्राॅनिक माध्यम से इस खाते में सहयोग राशि हस्तान्तरित कर सकते हैं। इस खाते में प्राप्त दान राशि का प्रयोग केवल युवा वर्ग के निशुल्क टीकाकरण के लिए किया जाएगा।
