Headlines

हाईकोर्ट का बड़ा फैसला : RAS प्री परीक्षा का परिणाम रद्द

RAS

जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने RAS प्री-परीक्षा के परिणाम को रद्द कर दिया है। राजस्थान हाईकोर्ट के महेन्द्र गोयल की बैच ने यह फैसला देते हुए इसके साथ ही पांच विवादित प्रश्नों को एक्सपर्ट कमेटी को भेजने के निर्देश दिए है। हाईकोर्ट के इस फैसले से राजस्थान लोक सेवा आयोग को तगड़ा झटका लगा है। कोर्ट के आदेश पर नए सिरे से प्री-परीक्षा की आंसर-की जारी करनी होगी।

कोर्ट में कुल 16 प्रश्नों को लेकर विवाद था जिसकी कल भी सुनवाई हुई थी। इसको लेकर आज फैसला आया है। हाईकोर्ट के इस फैसले से 25-26 फरवरी को होने वाली मुख्य परीक्षा को लेकर भी संशय बन गया है कि यह परीक्षा हो पाएगी या नहीं। वहीँ, कोर्ट के फैसले के बाद RAS मुख्य परीक्षा की तिथि आगे बढ़ने को लेकर धरने पर बैठे अभ्यर्थियों में ख़ुशी का माहौल है।

गौरतलब है कि RAS भर्ती 2021 की प्री परीक्षा 27 अक्टूबर, 2021 को हुई थी। इसका रिजल्ट 19 नवम्बर, 2021 को जारी किया गया था। मुख्य परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने की मांग अभ्यर्थी लगातार कर रहे थे। बहुत से अभ्यर्थी प्री परीक्षा के रिजल्ट से संतुष्ट नहीं हैं।

सीएम ने कहा था स्थगित नहीं होगी परीक्षा

RAS मेन्स परीक्षा स्थगित करने की लगातार मांग की जा रही थी। बीजेपी और विपक्षी विधायकों के साथ ही कई कांग्रेस विधायक भी आरएएस अभ्यर्थियों के समर्थन में उतर चुके हैं। लेकिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कल शाम को ही कहा था कि RAS मुख्य परीक्षा स्थगित नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *