जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह सुशासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। कोविड की चुनौती के बावजूद विकास कार्याे में कोई कमी नहीं आने दी है। हमने इस वित्तीय वर्ष के बजट में हर क्षेत्र और हर वर्ग के विकास को ध्यान में रखकर घोषणाएं की हैं। इन घोषणाओं को निर्धारित टाइमलाइन में पूरा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता से जो भी वादे किए गए हैं, उन्हें समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारने के लिए सरकार समर्पण भाव के साथ जुटी हुई है। हमारा पूरा प्रयास है कि आमजन की तकलीफें दूर हों और राजस्थान विकास की नई ऊंचाइयां छुए।
गहलोत रविवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जोधपुर जिले में विभिन्न 20 विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 2 करोड़ 10 लाख रूपए की लागत से 5 कार्यों का लोकार्पण तथा 113 करोड़ 38 लाख रूपए की लागत से 15 कार्यों का शिलान्यास किया।
संक्रमण कम हुआ पर पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ
गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार के बेहतरीन प्रबंधन से कोरोना संक्रमण में तेजी से गिरावट आई है, लेकिन संक्रमण अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है और तीसरी लहर की आशंका भी बनी हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रदेशवासी कोविड प्रोटोकॉल की निरंतर पालना करें। मास्क लगाने एवं सोशल डिस्टेसिंग रखने में किसी तरह की लापरवाही नहीं करें। अन्यथा हमारे अब तक के प्रयास बेकार हो जाएंगे। राज्य सरकार की यह मंशा नहीं रहती है कि जनता को लॉकडाउन की तकलीफ का सामना करना पड़े, लेकिन जीवन रक्षा के लिए ऐसे कदम उठाने पड़ते हैं। हमारा प्रयास यह होना चाहिए कि भविष्य में लॉकडाउन लगाने की जरूरत ही नहीं पड़े। लोकार्पण व शिलान्यास समारोह में कृषि मंत्री लालचंद कटारिया,परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास व जोधपुर के अन्य जन प्रतिनिधि व उच्च प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
