जोधपुर/जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे को भील समुदाय की महिलाओं ने मनुहार कर बाजरे की राबड़ी पिलाई। राजे केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की माताजी के निधन पर उनके घर जोधपुर में संवेदना प्रकट करके चाड़ी गाँव में पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा के निधन पर शोक व्यक्त करने जा रही थी। रास्ते में पंडित जी की ढाणी गाँव में भील परिवार की महिलाओं ने उन्हें रोक कर अपने झोपे में चलने की मनुहार की। बालिका नेनू भील और उसके पिता हीरा भील तथा मोहनी भील उन्हें अपने झोपे में ले गई, जहाँ उन्होंने पूर्व सीएम को खाट पर बिठाया और मिट्टी की कुल्हडी में बाजरे और जीरे की राबड़ी पिलाई। राजे ने भी भील महिलाओं का सत्कार स्वीकार कर बड़े चाव से राबड़ी का स्वाद लिया।
वहाँ मौजूद हीरा भील ने पूर्व सीएम को बताया कि वे बेहद गरीब हैं। उनके मकानो के पट्टे नहीं बने है। उन्हें पट्टे मिल जायें तो अच्छा रहे।राजे ने मौक़े पर ही इस सम्बन्ध में जोधपुर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह से बात की और भील परिवार की माँग पर नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिये। उन्होंने भील परिवार की महिलाओं को अपनी बच्चियों को पढ़ाने की भी सलाह दी। आते वक़्त भील परिवार का आभार व्यक्त किया।
जोधपुर से चाड़ी जाते समय पूर्व मुख्यमंत्री राजे का स्वागत करने के लिए नो मील, माणकलाव, मथानिया, ओसियाँ, पंडित जी की ढाणी रायमलवाडा, कवर जी की खेजड़ी, कपूरिया, पुनासर, जाखण और चाड़ी में भारी संख्या में लोग खड़े थे लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री ने शोक में आने के कारण सब जगह माला पहनने से इनकार कर दिया लेकिन सब जगह लोगों से बातचीत की। उनके हालचाल पूछे।
एयरपोर्ट पर लगा जाम
पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की माता को श्रद्धांजलि देने के लिए जोधपुर तो पहुँची एयरपोर्ट पर जाम लग गया। राजे को भी वहाँ से निकलने में आधा घंटा लग गया। एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए सांसद देवजी पटेल, विधायक सूर्य कांता व्यास,विधायक काली चरण सराफ, विधायक शंकर सिंह रावत, विधायक पुष्पेंद्र सिंह बाली,विधायक शोभा रानी, विधायक समाराम गरासिया,पूर्व विधायक अशोक परनामी, पूर्व विधायक यूनुस खान,पूर्व मंत्री हरी सिंह रावत,पूर्व विधायक सांग सिंह,पूर्व मंत्री अमरा राम चौधरी, पूर्व मंत्री मेघराज लोहिया, पूर्व मंत्री राम नारायण ड़ूडी, पूर्व मंत्री कमसा मेघवाल, पूर्व विधायक बाबू सिंह राठौड़,पूर्व विधायक मदन राठौड़, पूर्व संसदीय सचिव कैलाश वर्मा, पूर्व जेडीए अध्यक्ष महेंद्र राठौड़, नगर निगम महापौर विनीता सेठ, पूर्व संसदीय सचिव जोगाराम पटेल, पूर्व विधायक जीवा राम चौधरी, पूर्व विधायक श्रीराम भीचर, पूर्व विधायक अमृता मेघवाल, पूर्व विधायक विजय सिंह नाँवा, पूर्व मंत्री अर्जुन गर्ग, पूर्व मंत्री ओटा राम देवासी, पूर्व विधायक संजना आगरी, बीज निगम बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष शंभू सिंह खेतासर मौजूद थे। राजे ने शोक में आने के कारण फूल मालाएं पहनने से मना कर दिया।
राजे ने दी केंद्रीय मंत्री शेखावत की माता को श्रद्धांजलि
पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की माता को श्रद्धांजलि देने के लिए जोधपुर उनके निवास पर पहुंची। जहां उन्होंने शेखावत की माता स्व.श्रीमती मोहन कँवर के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किये और शेखावत को ढांढस बँधाया उन्हें सांत्वना दी।
राजे ने दी पूर्व मंत्री मदेरणा को श्रद्धांजलि
पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की माता को श्रद्धांजलि देने के बाद चाड़ी गाँव पहुँची, जहाँ उन्होंने पूर्व मंत्री स्व. महिपाल मदेरणा को श्रद्धांजलि दी। शोक संतप्त स्व.मदेरणा की पत्नी व जोधपुर ज़िला प्रमुख लीला मदेरणा व उनकी पुत्री व विधायक दिव्या मदेरणा को ढांढस बँधाया और उन्हें सांत्वना दी।