जयपुर : शहर के विश्वकर्मा में बढ़ारना पुलिया के पास इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार सुबह अचानक फुटवियर फैक्ट्री में आग लग गई। देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री आग से घिर गई। आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड व विश्वकर्मा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की 24 गाड़ियों ने करीब 6 घंटे में जाकर आग पर क़ाबू पाया। आग से फुटवियर फैक्ट्री में रखे चप्पल, जूते व अन्य सामान जल कर राख हो गये।
विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया में दो मंजिला अग्रवाल फुटवियर फैक्ट्री बनी हुई है। इस फैक्ट्री में चप्पल व जूते बनाने का काम होता है। जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में सुबह करीब 4 बजे अचानक आग लग गई। इस दौरान फैक्ट्री में कोई नहीं था। आग का धुआं चारों ओर फैलने लगा तो लोगों ने देखा। इसके बाद लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड व पुलिस को आग की सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की दो गाड़िया घटना स्थल पर पहुंची। फैक्ट्री में रबर व प्लास्टिक का सामान रखा था। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग फैलती जा रही थी। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने पहले तो बाहर से आग को बुझाने का काम शुरू किया। बाद में मेन गेट को खोल कर आग बुझाने लगे।
जूते व चप्पल के कॉर्टन से भरे हुए थे कमरे में
फैक्ट्री के अंदर एक कमरे में काफी संख्या में जूते व चप्पल के कार्टन भरे हुए थे। आग लगी तो कमरे में भी फैल गई। साथ ही गत्ते के कार्टन भी रखे थे। आग इतनी जबरदस्त लगी थी कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने 24 से ज्यादा चक्कर लगाए। आग बाहर से बुझाने के बाद सीढ़ी लगाकर कर्मचारी अंदर चले गए। एक-एक कमरे में जाकर पानी की बौछार दी गई। करीब 6 घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।
फैक्ट्री के पास लगा था ट्रांसफॉर्मर
फुटवियर फैक्ट्री के पास ही एक बड़ा ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ था। आग लगने के बाद आसपास के इलाकों की बिजली को बंद करवाया गया। गनीमत रही कि आग ट्रांसफॉर्मर तक नहीं पहुंची। इससे बड़ा हादसा हो सकता था।

