जयपुर। आमागढ़ में पुलिस की ओर से प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किए जाने के बावजूद दुर्ग की प्राचीर पर झण्डा फहराने के आरोप में गिरफ्तार किए गए भाजपा से राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा को आखिर पुलिस ने रिहा कर दिया। डॉ. किरोड़ीलाल के साथ आमागढ़ पहाड़ी पर चढ़े नौ लोगों को भी रिहा कर दिया गया पर रिहा होने के बाद डॅा. मीणा जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित गांधी सर्किल पहुंचने के बाद मामला फिर बदल गया। वहां समाज के लोगों को सम्बोधित करने के बाद मांगों पर सरकार की ओर से लिखित में नहीं देने तक वहां धरना जमा दिया। उनके साथ हजारों की संख्या में लोग धरने पर जमा हैं उससे जेएलएन मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया।
उन्होंने कहा कि सरकार से कहा कि वे आदिवासियों के प्राचीन स्थलों का संरक्षण करें। उन्होंने कहा कि भविष्य किसी भी स्थल के साथ तोडफ़ोड़ या छेड़छाड होगी तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सदियों से आमागढ़ पर मीना समाज की फताका लहरा रही है। मीणा समाज शुरु से ही हिंदू धर्म को मानता आ रहा है उसकी रग- रग में हिंदू धर्मा रचा- बसा है इसलिए कोई भी उनके हिंदू होने या नहीं होने पर सवाल नहीं उठाए।
इससे पूर्व डॉ. किरोड़ीलाल मीणा पुलिस की थ्री लेयर सुरक्षा को गच्चा दिखाते हुए जंगल के रास्ते से आमागढ़ पहुंचे और अपने साथ गए एक दर्जन समर्थकों के साथ ध्वज फहराया। रात के अंधेरे में 70 साल की उम्र में 4 किलोमीटर पहाडिय़ों पर चढ़कर, किले के परकोटे की 40 फुट की दीवार को फांद कर किले में पहुंचना दर्शाता है कि किरोडी लाल मीणा अपने आह्वान के लिए कितने समर्पित है। पुलिस यहीं से उन्हें गिरफ्तार कर विद्याधरनगर थाने लेकर आई थी। जैसे ही उनके समर्थकों को पता चला तो उन्होंने थाने को घेर लिया।
इस घटनाक्रम के बाद सियासत भी एकाएक गर्मा गई। निर्दलीय विधायक रामकेश मीणा के तेवर भी ठंडे पड़ गए और वे किरोड़ीलाल के समर्थन में उतर आएं। दौसा के विधायक मुरारीलाल मीणा ने भी उनका समर्थन किया। भाजपा नेताओं पूर्व उपमुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ.सतीश पूनियां ने गिरफ्तारी की निंदा करते हुए ट्वीट जारी किए। आरएलपी के सुप्रीमों हनुमान बेनीवाल ने भी डॉ.किरोड़ी लाल मीणा को रिहा करने की मांग को लेकर ट्वीट किया था।
Read More : पुलिस को गच्चा दे राज्यसभा सांसद डॉ.किरोड़ीलाल मीणा पहुंचे आमागढ़ दुर्ग , फहराया मीणा समाज का ध्वज

