Headlines

जिला स्तर पर District Implementation Unit (DIU) का होगा गठन

जयपुर। राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुणा राजोरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत योजना के सफल क्रियान्वयन और लाभार्थियों को योजना का शत-प्रतिशत लाभ देने के लिये राज्य सरकार द्वारा योजना का सुदृढीकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ प्रत्येक पंजीकृत परिवार को मिले, इसके लिए जिला स्तर पर District Implementation Unit (DIU) का गठन किया जा रहा है।

राजोरिया ने बताया कि ये यूनिट अपने जिले में सम्बद्ध अस्पतालों और लाभार्थियों की समस्याओं के निस्तारण और सहायता के लिये कार्य करेगी। चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत प्रत्येक जिले में एक जिला कार्यक्रम समन्वयक (मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना) की नियुक्ति जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति के द्वारा वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से यूटीबी आधार पर की जायेगी। ये जिला कार्यक्रम प्रबंधक मरीजो की शिकायत का त्वरित निवारण कर अस्पताल और योजना के लाभार्थियों के बीच समन्वय का कार्य करेंगे।

सहयोग और जानकारी के लिये लगाये जायेंगे स्वास्थ्य समन्वयक

संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी काना राम ने बताया कि District Implementation Unit (DIU) के गठन और जिला स्तर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक के साथ अब योजना में सम्बद्ध सभी निजी अस्पतालों में योजना के सफल क्रियान्वयन और लाभार्थियों की सहायता के लिये स्वास्थ्य समन्वयक लगाये जायेंगे। योजना में संबद्ध निजी अस्पतालों में 100 बैड तक के अस्पतालों के लिए एक तथा 100 से अधिक बेड वाले अस्पतालों में दो स्वास्थ्य समन्वयक नियुक्त किये जायेंगे।

उन्होंने बताया कि यह स्वास्थ्य समन्वयक अस्पताल में योजना के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर स्वास्थ्य मार्गदर्शक के साथ उपलब्ध रहेंगे। अस्पताल में योजना के लाभार्थी को होने वाली किसी भी समस्या का समाधान करने के लिये ये स्वास्थ्य समन्वयक उनकी मदद करेंगे। उन्होंने बताया कि राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी की ओर से ये स्वास्थ्य समन्वयक योजना में सम्बद्ध प्रत्येक निजी अस्पताल एवं योजना में केवल कोविड-19 के उपचार हेतु जिला कलक्टर द्वारा अधिकृत निजी अस्पताल में अपनी सेवाएं देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *