राजस्थान ओलंपिक संघ के चुनाव पर विवाद, संघ ने जारी की दो चुनाव की डेट

चुनाव

जयपुर : राजस्थान राज्य ओलिंपिक संघ में पदाधिकारियों के बीच विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। संघ के महासचिव अरुण सारस्वत की ओर से एक मीटिंग कर चुनाव की डेट घोषित की गई। 31 अक्टूबर को 4 पदों पर यह चुनाव होने हैं। इससे पहले संघ के उपाध्यक्ष आनिल व्यास की ओर से 4 पदों पर 17 अक्टूबर को चुनाव की डेट घोषित की जा चुकी थी। दो डेट घोषित होने के बाद खिलाड़ी भी असमंजस की स्थिति में हैं।

दरअसल, राजस्थान राज्य ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष जनार्दन सिंह गहलोत का 28 अप्रैल 2021 को निधन हो गया था। इसके बाद से संघ दो गुटों में बंट गया और घमासान शुरू हो गया। अरुण सारस्वत और अनिल व्यास दोनों ही अपनी ओर से यह दावा कर रहे हैं कि दोनों के पास कार्यकारिणी सदस्य हैै। इसी को लेकर रविवार को महासचिव अरुण सारस्वत गुट की ओर से आज जयपुर में एक मीटिंग आयोजित कर 31 अक्टूबर को खाली पदों पर चुनाव करवाने की घोषणा कर दी है। साथ ही रिटायर जस्टिस भंवर सिंह भाटी को चुनाव अधिकारी भी नियुक्त कर दिया गया है। संघ की इस बैठक में भारतीय ओलम्पिक संघ के पर्यवक्षक हरिओम कौशिक भी शामिल हुए।

दोनों पदाधिकारी आमने-सामने

राजस्थान राज्य ओलिंपिक संघ महासचिव अरुण सारस्वत का कहना है कि राजस्थान राज्य ओलिंपिक संघ के 13 सदस्य मौजूद रहे हैं। दो सदस्यों ने अपनी लिखित सहमति भेजी है। ऐसे में कार्यकारिणी की मीटिंग में कुल 15 कार्यकारिणी सदस्यों की सहमति होने के चलते 31 अक्टूबर को संवैधानिक तरीके से राज्य राज्य ओलिंपिक संघ के चुनाव करवाने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा की अनिल व्यास गुट द्वारा सभी फैसले असंवैधानिक रूप से लिए गए हैं। जिनकी कोई मान्यता नहीं।

वहीं राजस्थान ओलिंपिक संघ के दूसरे गुट के अनिल व्यास ने कहा है कि हमने सभी नियमों को ध्यान में रखते हुए ही पदाधिकारियों बैठक का आयोजन किया था। जिसमें भारतीय ओलिंपिक संघ के कोषाध्यक्ष पांडे भी मौजूद थे। हमने नियमों के अनुरूप सर्वसम्मति से ही 17 अक्टूबर को चुनाव की तारीख का ऐलान किया है। ऐसे में 31 अक्टूबर को चुनाव कराने का कोई औचित्य नहीं है। अनिल व्यास का कहना है कि बैठक में अरुण सारस्वत को महासचिव पद से बर्खास्त कर दिया गया था। ऐसे में उन्हें कुछ भी कहने का कोई अधिकार नहीं है।

इन 4 पदों पर होने हैं चुनाव

अध्यक्ष जनार्दन सिंह की मौत के बाद से चुनाव को लेकर विवाद शुरू हो गया है। संघ में चेयरमैन, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व कार्यकारणी सदस्य पद पर चुनाव होने हैं। दोनों गुट अब यह चाह रहे हैं कि इन पदों पर उनके लोग काबिज हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *