जयपुर। बच्चों को भारतीय संस्कृति से परिचित करवाने के उद्देश्य से गायत्री चेतना केन्द्र मुरलीपुरा की ओर से बैनाड़ रोड स्थित गणेश विहार में गुरुवार को गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में बच्चों ने गायत्री एवं महामृत्युंजय महामंत्र के साथ यज्ञ देवता को आहुतियां अर्पित की। बच्चों ने कुशाग्र बुद्धि के लिए नियमित रूप से गायत्री महामंत्र का जप और मंत्रलेखन करने का संकल्प लिया। बच्चों ने पक्षियों के लिए पंरिडे लगाने और पेड़ों को पानी देने के संकल्प के साथ यज्ञ की पूर्णाहुति की। इस मौके पर पूजा शर्मा का भारतीय संस्कृति के अनुसार जन्मदिन मनाया गया। उपस्थित लोगों ने उसके मंगल जीवन की कामना के साथ पुष्पवर्षा की। हेमा शर्मा, अंजू शर्मा, मीनाक्षी, मीनाक्षी, नंदन, मेदांत, डॉली सहित अनेक बच्चे उपस्थित रहे।