जयपुर: REET को लेकर विधानसभा में आज बजट सत्र के पांचवें दिन भी हंगामा जारी है। भाजपा विधायक REET की CBI जांच की मांग पर अड़ी हुई है। प्रश्नकाल शुरू होते ही भाजपा विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। उपनेता प्रतिपक्ष ने रीट का मुद्दा उठाना चाहा, लेकिन स्पीकर ने इजाजत नहीं दी, इसके बाद भाजपा विधायकों ने वेल में आकर हंगामा व नारेबाजी शुरू कर दी। स्पीकर ने बीजेपी विधायकों से प्रश्नकाल बाधित नहीं करने का आग्रह किया, लेकिन भाजपा विधायक नहीं माने और हंगामा जारी रखे हुए हैं। भाजपा विधायकों के हंगामे से नाराज स्पीकर सीपी जोशी ने कहा- सदन में एक बार जिस मुद्दे पर चर्चा हो जाती है, उस पर फिर से चर्चा नहीं होती है।
शून्यकाल शुरू होते ही भाजपा ने किया बहिष्कार
शून्यकाल की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायकों ने सदन से बहिष्कार कर दिया। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष बगुलाबचंद कटारिया ने कहा कि रीट परीक्षा में हुई भारी धांधली की सीबीआई जांच जरूरी है। प्रदेश के लाखों युवाओं से धोखा हुआ है। इसके बाद भाजपा विधायक सदन से बहिष्कार करके चले गए। कल भी भाजपा ने सदन से बहिष्कार किया था। आज भी एक भी भाजपा विधायक सदन में नहीं है।
दोपहर बाद गहलोत अभिभाषण पर जवाब देंगे
आज भी राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में बहस होगी। आज दोपहर बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस का जवाब देंगे। गहलोत अपने जवाब में रीट को लेकर बीजेपी के उठाए मुद्दे का भी जवाब देंगे।
