जयपुर : बलात्कार मामले में सदन में आए मंत्री शांति धारीवाल के विवादित बयान के विरोध में बीजेपी महिला मोर्चा से जुड़ी कार्यकर्ताओं ने अलसुबह धारीवाल के मकान के बाहर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया। राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा, भाजपा विधायक मदन दिलावर और अनिता भदेल ने मंत्री के इस विवादित बयान को कांग्रेस और धारीवाल की पुरानी संस्कृति करार दिया है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार रात सदन में पुलिस महकमे की अनुदान मांगों पर जवाब देते समय धारीवाल ने राजस्थान में लगातार बढ़ रहे बलात्कार के मामलों को तो स्वीकार किया, लेकिन साथ ही व्यंगात्मक तरीके से ये भी कह दिया कि क्या करें यह मर्दों का प्रदेश है। धारीवाल के इसी विवादित बयान के विरोध में गुरुवार अलसुबह जयपुर शहर भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अलका मूंदड़ा और मोर्चा शहर अध्यक्ष अनुराधा महेश्वरी के नेतृत्व में कई महिलाएं धारीवाल के निवास पर पहुंची और वहां प्रदर्शन करने लगी।
इस दौरान कुछ महिलाओं ने धारीवाल के घर में घुसने की कोशिश भी की लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से धकेल दिया और इस दौरान पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की तीखी नोकझोंक भी हुई। जिसके बाद प्रदर्शनकारी महिलाओं ने वहां धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी महिला मोर्चा पदाधिकारियों का आरोप था कि वे यहां धारीवाल की सद्बुद्धि के लिए हनुमान जी का सुंदरकांड का पाठ करने आए थे लेकिन पुलिस ने उनके साथ अभद्रता की।

