Headlines

गहलोत ने ताज़ा की पुरानी यादें, बोले-मेरी सिफारिश पर ही केंद्रीय मंत्री बने पायलट

गहलोत

जयपुर : प्रदेश कांग्रेस में गहलोत और पायलट ग्रुप अंदरूनी खींचतान के चलते एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहते हैं। इस बीच पुरानी यादें ताज़ा करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा किया है कि यूपीए के दूसरे कार्यकाल में सचिन पायलट को केन्द्र में मंत्री बनवाने के लिए उन्होंने सिफारिश की थी। गहलोत ने देवनाराण बोर्ड के अध्यक्ष बनाए गए विधायक जोगिन्द्र सिंह अवाना के समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि यूपीए के दूसरे टर्म में मैंने पार्टी से सचिन पायलट को केंद्रीय मंत्री बनाने की सिफारिश की थी। अगले दिन पायलट ने फोन करके मंत्री बनवाने में सहयोग का आग्रह किया, तो उन्होंने कहा कि मैं पहले ही हाईकमान को आपका नाम दे चुका हूं। उस समय यह बात किसी को नहीं बताई थी।

सीएम गहलोत ने कहा कि जब मैं दूसरी बार मुख्यमंत्री बना, तब राजस्थान में कई जगह गुर्जर-मीणा के बीच जातीय संघर्ष था। उस समय वसुंधरा सरकार ने आरक्षण की मांग कर रहे गुर्जरों पर गोली चलाई थी, 74 गुर्जरों की मौत हो गई थी। मेरी ड्यूटी थी कि मैं गुर्जर और मीणा समाज के बीच दुश्मनी खत्म करवाऊं। उस समय ​मुरारीलाल मीणा के साथ निर्दलीय रामस्वरूप कसाणा थे, मैंने उनसे कहा कि गुर्जर मीणा समाज के बीच आप लोग दुश्मनी खत्म करवाइए, खिलाफत हो सकती है, लेकिन गांवो में दुश्मनी नहीं रहनी चाहिए।

हमेशा से 36 क़ौम को साथ लेकर चलने की रही कोशिश

सीएम गहलोत ने कहा कि थोड़े दिन बाद ही लोकसभा के चुनाव आ गए, उस वक्त हम 20 सीट जीत गए थे, 20 सीट जीतना बड़ी बात थी। उस वक्त पार्टी नेतृत्व ने मुझसे बुलाकर पूछा था कि किन नेताओं को मंत्री बनाना चाहिए, क्या करना है, पार्टी ने मंत्री बनाने के लिए मुझसे नाम मांगे थे। मैंने मीणा समाज से नमोनारायण मीणा का नाम दिया। एक मीणा मंत्री बन जाएगा, एक गुर्जर बनना बहुत आवश्यक हैं,जिससे कि गुर्जरों को लगे कि उनका मंत्री बन गया हैंं। मैंने वहां पर सचिन पायलट का नाम दिया।

हमारे उस समय के अध्यक्ष सीपी जोशी भीलवाड़ा से सांसद का चुनाव जीत गए थे, मैंने कहा एक ब्राह्मण के तौर पर जोशी हो जाएंगे। एक जाट समाज से मंत्री हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मेरी हमेशा से 36 क़ौम को साथ लेकर चलने की कोशिश रही है। गुर्जर समाज को आरक्षण देने में कांग्रेस सरकार की अहम भूमिका रही है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *